*सखी वार्ता कार्यक्रम में महिला एवं बालिका सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं सरकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक*
महिला एवं बाल विकास निगम, जमुई अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW), जमुई के तत्वावधान में दिनांक 11 सितंबर 2026 को *+2 जवाहर उच्च विद्यालय, डुमरी राजपुर, सोनो, जमुई* में सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, अधिकार, आत्मनिर्भरता एवं सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक (DMC) मुकेश कुमार, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ (FLS) विकास कुमार एवं मानसी भारती, केस वर्कर, अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर (OSC) झाझा उपस्थित रहीं।
*कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए संचालित संबल एवं सामर्थ्य से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई।* विशेष रूप से वन स्टॉप सेंटर (OSC/Sakhi), महिला हेल्पलाइन, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ (BBBP), नारी अदालत, शक्ति सदन, सखी निवास तथा महिला सशक्तिकरण एवं सहायता से संबंधित सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के हित में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला हितकारी एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) सहित बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता से संबंधित योजनाओं के बारे में बताया गया। योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता एवं आवश्यक प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी गई।
*वन स्टॉप सेंटर (OSC) के संबंध में जानकारी देते* हुए बताया गया कि हिंसा से प्रभावित महिलाओं एवं बालिकाओं को एक ही स्थान पर आवश्यक सहायता एवं सहयोग उपलब्ध कराने का कार्य किया जाता है। महिलाओं को आवश्यकता पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
*कार्यक्रम में DHEW की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई।* बताया गया कि DHEW के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का कार्य किया जाता है।
*साइबर सुरक्षा पर भी दी गई महत्वपूर्ण जानकारी*
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं लिंक, OTP एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। किसी भी साइबर अपराध अथवा आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन एवं टोल-फ्री नंबरों के माध्यम से सहायता प्राप्त करने के बारे में भी बताया गया।
*बाल विवाह के विरुद्ध दिलाई गई शपथ*
कार्यक्रम में बाल विवाह निषेध विषय पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य एवं कानूनी दुष्परिणामों के बारे में छात्र-छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी गई। सभी से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने तथा अपने आसपास बाल विवाह की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना संबंधित विभाग/प्राधिकरण को देने की अपील की गई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई गई तथा बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को महिला एवं बालिका हितकारी योजनाओं, उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
Jamui, Bihar | Sep 11, 2026