भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग समिति द्वारा 5 दिवसीय योग एवं प्राणायाम शिविर का समापन, विद्यार्थियों ने जाना योग एवं प्राणायाम का महत्व
मनुष्य को जीवनभर निरोगी और ऊर्जावान बनाए रखती है योग की विद्या : सुरेंद्र पाल बड़ेसरा
भिवानी, 14 नवंबर : स्वस्थ शरीर और तेज मस्तिष्क के उद्देश्य से भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में बीडीएस पब्लिक स्कूल बड़ेसरा में आयोजित पांच दिवसीय योग एवं प्राणायाम शिविर का शनिवार को समापन हो गया। शिविर में विद्यालय के 500 से अधिक विद्यार्थियों ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया और योग की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के निदेशक संदीप सिंगल ने की। शिविर के समापन पर समिति पदाधिकारियों, स्कूल स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने पौधारोपण भी किया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासन, सूर्य नमस्कार और श्वसन नियंत्रण की क्रियाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
इस अवसर पर भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग समिति के मंडल प्रभारी सुरेंद्र पाल बड़ेसरा ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक प्राचीन और पूर्ण विद्या है, जो मनुष्य को जीवनभर निरोगी और ऊर्जावान बनाए रखती है। प्राणायाम करने से मन शांत होता है और विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ध्यान केंद्रित करने में बहुत मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में बच्चों के लिए मानसिक शांति और शारीरिक फिटनेस दोनों बेहद आवश्यक हैं। योग बच्चों में अनुशासन, संयम और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
उन्होंने बताया कि योगासन शरीर की मांसपेशियों को मजबूत बनाते हैं, जोड़़ों के लचीलेपन को बढ़ाते हैं और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करते हैं। प्राणायाम मस्तिष्क तक ऑक्सीजन का प्रवाह सुचारू बनाते हैं, जिससे विद्यार्थियों की याददाश्त तेज होती है और पढ़ाई के दौरान एकाग्रता बढ़ती है। उन्होंने बताया कि योग ध्यान से मानसिक तनाव, घबराहट और परीक्षा के समय होने वाले दबाव को आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है। नियमित योगाभ्यास से दिनभर शरीर में स्फूर्ति बनी रहती है और बच्चों में समयबद्धता तथा अनुशासन की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए स्कूल के निदेशक संदीप सिंगल ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। हमारे विद्यालय का निरंतर यह प्रयास रहता है कि विद्यार्थियों का बौद्धिक विकास होने के साथ-साथ उनका स्वास्थ्य भी मजबूत हो। इस पांच दिवसीय शिविर ने बच्चों को जीवनभर स्वस्थ रहने की एक बेहतरीन आदत सिखाई है। उन्होंने भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी विद्यालय परिसर में इस तरह के प्रेरणादायक शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि विद्यार्थी शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बन सकें।