छह सूत्रीय मांगों को लेकर प्रधान संगठन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
एक सप्ताह में समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
बस्ती। ग्राम प्रधानों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने जिला
धिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन का नेतृत्व सल्टौआ ब्लॉक अध्यक्ष आशुतोष शुक्ला उर्फ मगन एवं बस्ती सदर ब्लॉक अध्यक्ष विष्णु भास्कर उर्फ प्रिंस शुक्ला के संयोजन में किया गया।
जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में प्रधानों ने कहा कि विभिन्न समस्याओं के कारण ग्राम पंचायतों में सरकार की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रधानों ने मांग की कि पिछले तीन वर्षों से लंबित मनरेगा मैटेरियल के भुगतान को तत्काल कराया जाए। जिन ग्राम पंचायतों में कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनके बाउचर फीडिंग की प्रक्रिया में आ रही समस्या को भी जल्द दूर कराया जाए।
प्रधानों ने बीबीजी राम जी के अंतर्गत कराए गए कार्यों के कच्चे एवं पक्के कार्यों का भुगतान शीघ्र कराने की मांग की। साथ ही ग्राम निधि के अंतर्गत स्वीकृति के लिए जिला स्तर पर भेजे जा रहे प्रस्तावों में होने वाले अनावश्यक विलंब को समाप्त करने की मांग उठाई।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि बीबीजी राम जी के अंतर्गत मनरेगा में अनुमन्य कार्यों, जैसे चकमार्ग पटाई, पटरी मरम्मत एवं झाड़ी सफाई आदि को भी शामिल करते हुए उनकी आईडी बनवाई जाए, ताकि इन कार्यों को नियमानुसार कराया जा सके।
प्रधानों ने कहा कि सरकार द्वारा प्रधानों को प्रशासक के रूप में कार्यकाल विस्तार दिए जाने के बाद भी उन्हें मानदेय का भुगतान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने लंबित मानदेय का भुगतान कराने के लिए तत्काल आदेश जारी किए जाने की मांग की।
अखिल भारतीय प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उपरोक्त समस्याओं का एक सप्ताह के अंदर समाधान नहीं कराया गया, तो जिले के प्रधान आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रधानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान बेहद आवश्यक है।
ज्ञापन सपना वालों में मुख्य रूप से प्रधान रविंद्र कुमार यादव, फूल चंद,रामजन्म चौधरी, विजय चंद्र सिंह, शशि कला शुक्ला, शिवानंद पांडेय, मंजू, बृजभूषण शुक्ला, यशपाल, माइकल यादव, संतोष चौधरी, रामफेर चौधरी, उदय भान, शिव शंकर चौधरी, झगरू, सत्य प्रकाश, दिनेश कुमार, अवधेश मिश्र, श्रवण मिश्र, रजवंत, रितेश यादव, सुभाष चौधरी, अरविंद गिरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Basti, Basti | Oct 7, 2026