बलिया के बांसडीह तहसील परिसर में बाढ़ और कटान की समस्या को लेकर युवा नेता प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में हजारों किसानों और नौजवानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने घाघरा नदी से लगातार हो रही कटान, जयनगर रेगुलेटर की जर्जर स्थिति और बाढ़ प्रभावित गांवों की समस्याओं को उठाते हुए स्थायी समाधान की मांग की।
सुल्तानपुर पोखरा और महाराजपुर में कटान से ग्रामीणों के सामने संकट गहराता जा रहा है, वहीं जयनगर रेगुलेटर की खराब स्थिति के कारण करीब 50 गांवों में बाढ़ आने का मुद्दा भी प्रदर्शन में प्रमुखता से उठा। किसानों के मुआवजे, कटान रोकने के लिए स्थायी ठोकर निर्माण, रिंग बंधे की मरम्मत और नए रेगुलेटर के निर्माण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी बांसडीह को सौंपा गया।
धरने को संबोधित करते हुए प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि वर्षों से बाढ़ और कटान की विभीषिका झेल रही जनता के सामने अब अपने अस्तित्व को बचाने के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ने का समय आ गया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। अब क्षेत्र के लोगों को प्रशासन की ओर से स्थायी समाधान की उम्मीद है।
#Balliakhabar #bansdih #बाढ़ #कटान #घाघरा #प्रवीणकुमारसिंह