कोटा: 20 करोड़ कीमती 'बैंडस्टैंड हेरिटेज बाग' और सरकारी सड़क को 'उम्मेद क्लब' के अवैध कब्जे से मुक्त कराने की दिशा में बड़ा कदम
बीजेपी नेता व हाईकोर्ट एडवोकेट इंद्रमोहन सिंह 'हनी' के संघर्ष और आरटीआई के खुलासे से बेनकाब हुए रसूखदार सफेदपोश।
कोटा शहर के नयापुरा क्षेत्र स्थित अति-महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक धरोहर 'बैंडस्टैंड हेरिटेज बाग' (बेंड़स्टैंड) तथा लगभग 70 वर्ष पुरानी 40 फीट चौड़ी सार्वजनिक सड़क पर निजी संस्था 'उम्मेद क्लब' द्वारा किए गए अवैध कब्जे के मामले में जनता की बहुत बड़ी जीत हुई है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान उच्च न्यायालय के एडवोकेट इन्द्रमोहन सिंह 'हनी' के लंबे कानूनी संघर्ष, प्रशासनिक लामबंदी और आरटीआई के माध्यम से मिले पुख्ता दस्तावेजों के बाद आखिरकार प्रशासन ने इस बड़े अतिक्रमण पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
क्या है पूरा मामला और कैसे हुआ कब्जा?
भाजपा वरिष्ठ नेता एडवोकेट इन्द्रमोहन सिंह 'हनी' ने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग और सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) की प्रॉपर्टी में किराएदार के रूप में काबिज निजी संस्था 'उम्मेद क्लब' के प्रबंधकों ने अपनी रसूख का इस्तेमाल करते हुए दिनदहाड़े तानाशाहीपूर्ण तरीके से ऐतिहासिक कृत्य किया। क्लब ने अपनी बाउंटीवाल को आगे बढ़ाकर लगभग 50-70 वर्ष पुरानी 40 फीट चौड़ी सार्वजनिक सड़क (जो पुराने चिड़ियाघर और नर्सरी से होकर झालावाड़ रोड को निकलती थी) को दोनों तरफ से बंद कर अपने परिसर में मिला लिया।
इतना ही नहीं, इस सड़क के ठीक दूसरी तरफ स्थित उद्यान विभाग के स्वामित्व वाली बेशकीमती सरकारी जमीन—खसरा नंबर 272, 273 एवं 274 (बैंडस्टैंड हेरिटेज बाग)—की ऐतिहासिक बाउंटीवाल को भी तोड़ दिया और इस लगभग 20 करोड़ रुपये बाजार मूल्य वाली धरोहर भूमि पर अवैध रूप से खेल मैदान (फुटबॉल, पोल आदि) और नए निर्माण कर भौतिक कब्जा जमा लिया। इस कुचक्र में कुछ भ्रष्ट अधिकारियों की मिलीभगत भी सामने आई है।
इन्द्रमोहन सिंह 'हनी' का कड़ा संघर्ष और मुख्यमंत्री कार्यालय तक गूंज
मामले की गंभीरता को समझते हुए एडवोकेट इन्द्रमोहन सिंह 'हनी' ने इसे एक गंभीर क्रिमिनल ऑफेंस मानते हुए जिला कलेक्टर से लेकर कोटा डेवलपमेंट अथॉरिटी (KDA) के अध्यक्ष/आयुक्त, PWD के अतिरिक्त मुख्य सचिव, लोकायुक्त, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) और पुलिस अधीक्षक (SP) तक लगातार शिकायतें दर्ज कराईं।
इस कड़ी में जब कल मुख्यमंत्री कार्यालय में की गई शिकायत पर संज्ञान लिया गया, तो भू-सम्पदा अधिकारी, शिक्षा भवन (कोटा विकास प्राधिकरण) द्वारा स्पष्ट किया गया कि यह बाग 'बैंडस्टैंड' पूर्णतः उद्यान विभाग की जगह है। इसके बाद एडवोकेट हनी ने गत 5 तारीख को स्वयं उद्यान विभाग के अधीक्षक से मुलाकात कर उन्हें मौके के नक्शे और ऐतिहासिक साक्ष्यों (Google Historical Imagery) से अवगत कराया।
उद्यान विभाग ने माना अतिक्रमण, कलेक्टर व एसपी को लिखा पत्र
शिकायत और साक्ष्यों की सत्यता की पुष्टि होने के बाद, अधीक्षक, राजकीय उद्यान सा.नि.वि. कोटा ने नक्शों की तसदीक करते हुए इस अवैध कब्जे को पूरी तरह सही पाया। अधीक्षक महोदय ने जिला कलेक्टर कोटा, केडीए आयुक्त, पीब्ल्यूडी के प्रमुख अभियंता तथा पुलिस अधीक्षक कोटा को आधिकारिक पत्र जारी कर यह स्पष्ट कर दिया है कि उम्मेद क्लब द्वारा उद्यान विभाग की जमीन और सार्वजनिक रास्ते पर किया गया कब्जा अवैध है। विभाग ने इस अतिक्रमण को तत्काल ध्वस्त कर मार्ग व भूमि को उसके वास्तविक स्वरूप में बहाल करने और कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सफेदपोशों का षड्यंत्र बेनकाब
एडवोकेट इन्द्रमोहन सिंह 'हनी' ने कहा कि यह कोटा की जनता, पर्यावरण और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की बहुत बड़ी जीत है। यह घटना साबित करती है कि कैसे रसूखदार और अंदर से भ्रष्ट लोग—जिनमें उम्मेद क्लब के वे पदाधिकारी शामिल हैं जो पूर्व में प्रशासनिक पदों पर रहे हैं—शहर के प्रशासनिक अधिकारियों की कथित मिलीभगत से करोड़ों की सरकारी संपत्ति को हड़पने की साजिश रच रहे थे। हालांकि, सतर्क नागरिकों और न्याय के पक्षधरों के कड़े विरोध के कारण इनका यह अवैध प्लान पूरी तरह फ्लॉप हो गया है।
एडवोकेट हनी ने चेतावनी दी है कि इस जनहित की लड़ाई को सक्षम न्यायालय में मजबूती से लड़ा जा रहा है और जब तक सरकारी संपत्ति का एक-एक इंच अतिक्रमण मुक्त नहीं हो जाता, यह संघर्ष जारी रहेगा।
Ladpura, Kota | Oct 8, 2026