#बालाघाट
ग्रामीणों ने श्रमदान से किया बोरी बंधान, जल संरक्षण का दिया संदेश
बहते पानी को रोकने और भूजल स्तर बढ़ाने के लिए ग्राम सुकली में सामूहिक पहल
जल संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से कटंगी विकासखंड के ग्राम सुकली में ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान कर बोरी बंधान का कार्य किया। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य नाले के बहते पानी को रोककर उसका संचयन करना तथा क्षेत्र में जल उपलब्धता बढ़ाना है।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला बालाघाट के जिला समन्वयक श्री महेश पटले के निर्देशन एवं विकासखंड समन्वयक श्री सुरेंद्र भगत के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था कोसुम्बा, ग्राम विकास समिति एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सुकली के संयुक्त प्रयास से यह कार्य किया गया।
बोरी बंधान से नाले के पानी का ठहराव होगा, जिससे भूजल स्तर में सुधार आने के साथ आसपास के जलस्रोतों को भी लाभ मिलेगा। इसके अलावा गर्मी के दिनों में पशु-पक्षियों को पेयजल उपलब्ध कराने और ग्रामीणों के लिए जल की उपलब्धता बनाए रखने में भी यह पहल सहायक होगी।
इस अवसर पर नवांकुर संस्था के सहसचिव श्री प्रतीक खोबरागड़े, श्री बसंत परिहार, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की अध्यक्ष श्रीमती प्रेमलता रामटेके, ग्राम पंचायत सरपंच श्री घनश्याम कुंजाम, सचिव श्री मोतीलाल नागेश्वर एवं परामर्शदाता श्रीमती कल्पना परिहार सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
सभी ने श्रमदान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए जल संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया। ग्रामीणों की इस पहल ने संदेश दिया कि जनसहयोग और सामूहिक प्रयासों से स्थानीय स्तर पर जल संकट से निपटने तथा प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण की दिशा में प्रभावी कार्य किए जा सकते हैं।
#CMMadhyaPradesh #जल_संरक्षण #minprdd #JansamparkMP
26 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 25, 2026