केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने तहसील बहादुरपुर में कृषि सम्मेलन में किसानों को किया संबोधित,
विकास एवं कृषि योजनाओं की दी सौगात
--
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने तहसील बहादुरपुर स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित कृषि सम्मेलन में भाग लेकर किसानों को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं, कृषि विकास कार्यों तथा जिले में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के माध्यम से अशोकनगर जिले के हजारों किसानों के खातों में राशि अंतरित कर उन्हें लाभान्वित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों की आर्थिक मजबूती का आधार बन रही है। उन्होंने किसानों की बैंकिंग सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बहादुरपुर में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की नई शाखा प्रारंभ किए जाने की जानकारी दी। इससे किसानों को बैंकिंग सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा तथा कृषि ऋण एवं अन्य वित्तीय सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुंगावली क्षेत्र में नए विद्युत सब-स्टेशनों की स्थापना की गई है, जिससे किसानों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इससे सिंचाई व्यवस्था बेहतर होगी और किसान अपनी फसल का अधिक उत्पादन लेकर उचित लाभ प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने खाद एवं यूरिया वितरण व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से उर्वरकों का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि जिले में खाद की उपलब्धता पर्याप्त है तथा वितरण में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी। श्री सिंधिया ने गेहूं, चना एवं मसूर की समर्थन मूल्य पर खरीदी, किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों तथा मृदा स्वास्थ्य परीक्षण (सॉयल हेल्थ कार्ड) की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक पद्धति से खेती अपनाने और मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार उर्वरकों का उपयोग करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि "मुंगावली मेरे हृदय के सबसे निकट है। मेरा निरंतर प्रयास रहेगा कि इस क्षेत्र के लोगों को बिजली, पानी, सड़क जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध हों और क्षेत्र का समग्र विकास हो। किसानों एवं आमजन के हितों के लिए मैं सदैव प्रतिबद्ध हूं।
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा प्रदेश में वर्ष 2026 को कृषि वर्ष घोषित किया गया है। जिसका उद्देश्य कृषकों की आय में वृद्धि करना, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता विभागों की विभिन्न योजनाओं का लाभ कृषकों को प्रदान करना है। आय में वृद्धि के लिए दूध, फल, सब्जी और मत्स्य पालन को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे किसानों को परंपरागत खेती के साथ-साथ अन्य स्रोतों से भी आय के अवसर मिलेंगे।
किसानों को किया हितलाभ का वितरण
--
कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया द्वारा कृषि विभाग द्वारा 250 स्वाईल हैल्थ कार्डों का वितरण कृषकों को किया गया। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक एवं सहकारिता विभाग द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड 10 कृषकों को वितरित किया गया। जिससे कृषकों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर का लाभ मिलेगा। मत्स्य पालन विभाग द्वारा 05 मछुआ किसान क्रेडिट कार्ड का वितरण जिसमें दस-दस हजार रूपये के कृषकों को प्रदाय किया गया। कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा कस्टम हायरिंग सेंटर योजना से लाभान्वित 01 कृषकों को प्रमाण पत्र वितरण (अनुदान 07 से 10 लाख रुपए), रीपर कम बाइंडर यंत्र से लाभान्वित 02 कृषकों को प्रमाण पत्र वितरण (अनुदान 2.50 लाख रुपए), स्ट्रारीपर यंत्र से लाभांवित 02 कृषकों को प्रमाण पत्र वितरण (अनुदान 1.50 लाख रुपए) किया गया। नोडल कृषि उपज मण्डी समिति अशोकनगर द्वारा एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड योजना अंतर्गत 03 प्रतिशत ब्याज की छूट हेतु 02 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरण किये गये। पशुपालन विभाग द्वारा डेयरी प्लस योजना में 02 हितग्राहियों को 5.90 लाख रूपये, मुर्रा पाड़ा योजना में 02 हितग्राहियों को 1.24 लाख रूपये, पशु के.सी.सी. योजना में 01 हितग्राही को 1.20 लाख रूपये का लाभ दिया गया। उद्यानिकी विभाग द्वारा धानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजनान्तर्गत 35 प्रतिशत अनुदान अधिकतम 10,00,000 रूपये तक 03 हितग्राहियों को स्वीकृति आदेश प्रदान किये गये।
कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कृषि विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों पर पहुंचकर कृषि यंत्रों दवाइयां एवं अन्य सामग्रियों का निरीक्षण किया गया।
इस अवसर पर मुंगावली विधायक श्री बृजेंद्र सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री आलोक तिवारी,पूर्व विधायक अशोकनगर श्री जजपाल सिंह जज्जी सहित, कलेक्टर श्री साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक श्री राजीव कुमार मिश्रा,उप संचालक कृषि श्री अमित सिंह भदौरिया सहित जनप्रतिनिधिगण एवं किसान उपस्थित थे।
#ashoknagar