बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी के साथ राहत एवं बचाव कार्य जारी
सारण जिले के बाढ़ प्रभावित प्रखंडों में जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार कड़ी निगरानी एवं चौकसी रखी जा रही है। सभी संबंधित पदाधिकारी एवं टीमें क्षेत्र में सक्रिय रहकर स्थिति का लगातार अनुश्रवण कर रहे हैं तथा आवश्यकता के अनुरूप तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
माइकिंग के माध्यम से लगातार लोगों को सचेत एवं जागरूक किया जा रहा है। जलस्तर एवं स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए लोगों को आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जा रही है तथा सुरक्षित स्थानों पर जाने की आवश्यकता होने पर समय पर सूचना उपलब्ध कराई जा रही है। आवश्यकता के अनुसार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर इवेक्युएट भी किया जा रहा है।
प्रभावित परिवारों को आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। सुरक्षित आवागमन एवं निकासी के लिए नावों का परिचालन किया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में कम्युनिटी किचन का संचालन, मेडिकल कैंपों के माध्यम से चिकित्सा सुविधा तथा मवेशियों के उपचार के लिए पशु चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि पैनिक न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन द्वारा आवश्यक राहत, बचाव एवं सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। लोग प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं का पालन करें, प्रशासन का सहयोग करें तथा उपलब्ध कराई जा रही राहत एवं अन्य सुविधाओं का लाभ लें।
संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन प्रभावित लोगों के साथ पूरी तरह खड़ा है। लोगों की सुरक्षा एवं उन्हें हर संभव राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी लगातार तत्परता से कार्य कर रहे हैं।
3 views | Saharsa, Bihar | Oct 1, 2026