पौथु पंचायत में जलजमाव से 1500 एकड़ धान प्रभावित, कृषि विभाग की टीम ने खेतों में पहुंचकर लिया जायजा
रफीगंज। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। इसी को देखते हुए जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर फसलों की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण एवं आकलन कर रही है।
इसी क्रम में जिला कृषि पदाधिकारी संदीप राज ने रफीगंज प्रखंड अंतर्गत पौथु पंचायत का दौरा कर जलजमाव से प्रभावित धान की फसल का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि पंचायत क्षेत्र में करीब 1,500 एकड़ में लगी धान की फसल जलजमाव से प्रभावित हुई है। हालांकि खेतों में जमा पानी का जलस्तर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है।
जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि फिलहाल खेतों से पानी निकलने की प्रक्रिया जारी है। पानी पूरी तरह निकलने और खेतों की स्थिति सामान्य होने के बाद फसल क्षति का दोबारा स्थलीय निरीक्षण एवं आकलन किया जाएगा। इसके बाद फसल की वास्तविक स्थिति का समुचित मूल्यांकन किया जाएगा।
जलजमाव में खाद डालने से बचें किसान
निरीक्षण के दौरान किसानों को फसल संरक्षण एवं पोषण प्रबंधन की तकनीकी जानकारी दी गई। कृषि विभाग ने स्पष्ट रूप से सलाह दी कि जलजमाव की स्थिति में खेतों में तत्काल उर्वरक का प्रयोग न करें। पहले खेत से अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित करें और पानी निकलने के बाद ही फसल की स्थिति के अनुसार खाद एवं पोषक तत्वों का इस्तेमाल करें।
कृषि विभाग के अनुसार पानी निकलने के बाद स्थानीय कृषि अनुशंसाओं एवं फसल की स्थिति के अनुरूप प्रति बीघा लगभग 10 से 12 किलोग्राम यूरिया और 5 से 6 किलोग्राम पोटाश का प्रयोग किया जा सकता है। यूरिया नाइट्रोजन की पूर्ति करता है, जबकि पोटाश फसल को मजबूती देने और बेहतर विकास में सहायक होता है।
जिला प्रशासन के निर्देश पर कृषि विभाग द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में फसल एवं जलजमाव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रभावित किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन देने के साथ पानी निकलने के बाद फसलों की स्थिति का पुनः आकलन भी किया जाएगा।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि जलजमाव की स्थिति में घबराने के बजाय कृषि विभाग के सुझावों का पालन करें और किसी भी समस्या या तकनीकी मार्गदर्शन के लिए संबंधित कृषि पदाधिकारी एवं कर्मियों से संपर्क करें।
#RafiGanj #PauthuPanchayat #Aurangabad #Bihar #DhanKiFasal #Jaljamav #Kisan #KrishiVibhag #FasalKshati #AgricultureDepartment #AbhilashaSharma #KisanNews #BiharNews #RafiGanjNews #BharatCrimeLiveNews #BreakingNews #LocalNews #KisanUpdate