गोवर्धन और गौवंश की पूजा पर्यावरण संरक्षण और पशुधन संवर्धन का देती है संदेश -मंत्री डॉ. विजय शाह ने खंडवा की केशव धाम गौशाला में गोवर्धन पूजा की
---
प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि आज पूरे प्रदेश में गोवर्धन पूजा हर्षोल्लास से की जा रही है। हमारी हर परम्परा और उत्सव में प्रकृति के प्रति आदर समाहित है। गोवर्धन पूजा इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। मंत्री डॉ. शाह खंडवा की केशव धाम गौशाला में सोमवार को गोवर्धन पूजा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने गौशाला की गायों का पूजन कर उन्हें गुड़ व चारा खिलाया। कार्यक्रम में खंडवा विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, जिला पंचायत के सीईओ श्री ऐश्वर्य वर्मा, अपर कलेक्टर सुश्री श्रद्धा शुक्ला जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राजपाल सिंह तोमर और श्री धर्मेंद्र बजाज सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण भी मौजूद थे।
कार्यक्रम में मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि सहायक पशु क्षेत्राधिकार के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए सरकार प्रयास कर रही है। सहायक पशु क्षेत्र अधिकारी पद के लिए प्रशिक्षण केंद्र हरसूद विधानसभा क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण केंद्र के साथ-साथ 100 सीटर छात्रावास भी बनवाया जाएगा। उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वर्मा से कहा कि खालवा विकासखंड में एक आदर्श ग्राम पंचायत और एक आदर्श आंगनवाड़ी बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार करें। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा इसके लिए हर संभव बजट उपलब्ध कराया जाएगा।
खंडवा विधायक श्रीमती तन्वे ने इस अवसर पर कहा कि हमारी संस्कृति और परम्पराओं को बचाए रखने की हम सबकी जिम्मेदारी है। राज्य सरकार द्वारा गोवर्धन पूजा का आयोजन इसी उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह उन्हीं की देन है कि आज हम सभी मिलकर शासकीय कार्यक्रम के रूप में गोवर्धन पर्व मना रहे हैं।
जिला भाजपा अध्यक्ष श्री तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दिन गोवर्धन और गौवंश की पूजा कर हम संसार को प्रकृति, पर्यावरण और पशुधन संवर्धन का संदेश देते हैं। यह वास्तव में प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का उत्सव है। उन्होंने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और कृषि प्रधान देश में पशुओं का बहुत महत्व है। हमारे यहाँ गौ माता की पूजा की जाती है। श्री तोमर ने किसान भाइयों से आव्हान करते हुए कहा कि हम प्राकृतिक खेती को अपनाएं क्योंकि प्राकृतिक खेती से फर्टिलाइजर पर होने वाला खर्च कम होगा और शुद्ध, पौष्टिक अन्न मिलेगा, जिससे बीमारियां नहीं होंगी।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में गौ-पालन को प्रोत्साहन देने के लिए सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन करने वाली गायों के पालकों को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार जिला स्तर पर प्रदान किए गए। जिसका भुगतान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा डीबीटी के माध्यम से पुरस्कार की राशि का सीधा अंतरण विजेताओं के खातों में किया गया। उप संचालक पशु चिकित्सा डॉक्टर सी एस डावर ने इस अवसर पर बताया कि देशी गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा संचालित "गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना" के अंतर्गत खंडवा जिले के वृंदावन ग्राम बेड़ियांव में प्रथम स्थान पर श्री विनोद पिता गोकुल, द्वितीय स्थान पर श्री पिंटू, पिता सुंदरलाल पटेल, तृतीय स्थान पर श्री चंद्रशेखर, पिता गेंदालाल रहे। वृंदावन ग्राम जोगीबेड़ा में आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम स्थान श्री मोहन पिता सरदार सिंह, द्वितीय स्थान पर श्री सौरभ पिता महेश यादव तथा वृंदावन ग्राम अंजनियाकला में प्रथम स्थान पर श्री सोहन पिता श्यामलाल, द्वितीय स्थान श्री उत्तम पवार तथा वृंदावन ग्राम शाहपुरा में प्रथम स्थान पर श्री महेश, पिता छितर गुर्जर, द्वितीय स्थान पर श्री यशवंत पटेल रहे।
इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक वृंदावन ग्राम में प्रथम पुरस्कार 1 लाख, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार एवं तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपए का प्रावधान है।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh
Department of Culture, Madhya Pradesh
Kunwar Vijay Shah
#khandwa
Khandwa, Madhya Pradesh | Nov 10, 2026