ट्रेलर सर्विस की आड़ में डोडा-पोस्त तस्करी का खुलासा, 4 तस्कर गिरफ्तार
अजमेर। जिला स्पेशल टीम अजमेर और पुलिस थाना भिनाय की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में कुल 27.690 किलोग्राम डोडा-पोस्त, 99 ग्राम अफीम और 2.29 लाख रुपए से अधिक नकदी बरामद की है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 6.57 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई में 26 अगस्त को भिनाय क्षेत्र के सिंगावल पुलिया के पास नेशनल हाईवे-48 पर सवाई भोज ट्रेलर सर्विस की आड़ में डोडा-पोस्त की तस्करी की सूचना मिली थी। टीम ने सर्विस की आड़ में बैठे संदिग्धों से पूछताछ की। तलाशी के दौरान दो काले रंग के कट्टों में 23.560 किलोग्राम डोडा-पोस्त तथा एक प्लास्टिक की थैली में 99 ग्राम अफीम बरामद हुई। मौके से 2,22,600 रुपए नकद और एक महिंद्रा एसयूवी आरजे-19 यूसी-4910 भी जब्त की गई। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दूसरी कार्रवाई में भिनाय थाना क्षेत्र के खेड़ी गांव में हाईवे पर केबिन लगाकर डोडा-पोस्त खरीद-फरोख्त करने वाले एक आरोपी को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 4.130 किलोग्राम डोडा-पोस्त और 7,300 रुपए नकद बरामद हुए।
पहली कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नाथूलाल गुर्जर (25), छोटूलाल गुर्जर (22) और कालू गुर्जर (34) के रूप में हुई है। दूसरी कार्रवाई में शैतान रावत (45) को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चैन को लेकर जांच शुरू कर दी है।
Ajmer Police Rajasthan
Ajmer, Ajmer | Aug 27, 2026