जल संवर्धन अभियान का विकासखंड स्तरीय समापन समारोह उत्सव के रूप में संपन्न
..
मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जल संवर्धन अभियान का विकासखंड स्तरीय समापन समारोह बुधवार को विकासखंड विदिशा की भगत सिंह कॉलोनी स्थित ऐतिहासिक बावड़ी पर उत्सव के रूप में आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि अभियान के प्रथम चरण में प्रदेश के सैकड़ों ग्रामों में जल स्रोतों का चिन्हांकन कर उनके आसपास की साफ-सफाई, गहरीकरण तथा संरक्षण की कार्ययोजना तैयार की गई। द्वितीय चरण में जल मंदिरों की स्थापना के साथ कुओं, तालाबों एवं नदियों की सफाई का कार्य किया गया। वहीं तृतीय एवं अंतिम चरण में कुओं एवं बावड़ियों की साफ-सफाई, जीर्णोद्धार तथा गहरीकरण के कार्य संपन्न किए गए। तीन माह तक चले इस व्यापक जनभागीदारी अभियान का समापन समारोह आयोजित कर अभियान को औपचारिक विराम दिया गया।
समापन कार्यक्रम में विकासखंड की नवांकुर संस्थाओं, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों तथा अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम का शुभारंभ महिलाओं द्वारा भजन संध्या, देवी-गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ। इसके पश्चात विधिवत बावड़ी पूजन किया गया।
मंचीय कार्यक्रम के दौरान जन अभियान परिषद, विदिशा की जिला समन्वयक श्रीमती पूजा श्रीवास्तव ने जल संरक्षण एवं संवर्धन की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए जल के महत्व और उसके संरक्षण में जनसहभागिता की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से जल स्रोतों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विकासखंड समन्वयक श्री दीपक बाथम ने उपस्थित सभी अतिथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन सेक्टर विदिशा के नवांकुर पदाधिकारी श्री अतुल शाह ने किया। समारोह की व्यवस्थाओं तथा बावड़ी को आकर्षक ढंग से पुष्पों से सजाने में कागपुर सेक्टर नवांकुर अध्यक्ष श्री मनोज चतुर्वेदी का विशेष सहयोग रहा, जिसकी उपस्थित जनों ने सराहना की। #Vidisha #जल_गंगा_संवर्धन_अभियान
53 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Jul 2, 2026