ग्राम पुरतला सावरवाणी में हरियाली अमावस्या पर नवांकुर सखियों का पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत रैली का भी हुआ आयोजन
==========================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के निर्देशन एवं विकासखंड समन्वयक श्रीमती ललिता कुसरे के नेतृत्व तथा नवांकुर संस्था सतपुड़ा आंचल जनकल्याण समिति तामिया के अध्यक्ष श्री प्रदीप उइके द्वारा आज विकासखंड तामिया के सेक्टर क्रमांक-02 अंतर्गत ग्राम पुरतला सावरवाणी में नवांकुर सखी हरियाली अमावस्या कार्यक्रम के अंतर्गत पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हरियाली अमावस्या के अवसर पर नवांकुर सखियों को पौधे वितरित कर उन्हें पौधरोपण, पौधों के संरक्षण एवं नियमित पालन-पोषण के लिए प्रेरित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से पृथ्वी को हरा-भरा बनाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां खेड़ापति के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर नवांकुर सखी हरियाली यात्रा एवं हर घर तिरंगा अभियान के उद्देश्य एवं कार्यक्रम की पृष्ठभूमि बताई गई। मानव जीवन में पेड़ों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिये प्रेरित किया गया। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की जानकारी देते हुए स्वर्णिम मध्यप्रदेश के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके बाद उपस्थित नवांकुर सखियों को तिलक लगाकर पौधा वितरण किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों के संवर्धन का संकल्प लिया। उपस्थित वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, जल एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का मंच संचालन परामर्शदाता श्री संदीप राज द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर पौधारोपण भी किया गया। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम ने हरियाली अमावस्या के पर्व को पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से जोड़ते हुए ग्रामीण क्षेत्र में हरित जागरूकता का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा एवं रैली में उमड़ा जनसैलाब- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चावलपानी के छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणजनों द्वारा तिरंगा यात्रा एवं रैली का आयोजन किया गया। रैली में जनसमुदाय ने बड़े उत्साह के साथ सहभागिता की और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। विशाल रैली का समापन विद्यालय परिसर में मानव श्रृंखला बनाकर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगणों ने भी सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम में कार्यकर्ता, परामर्शदाता श्री संदीप राज, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष श्री दिनेश उइके, श्री छिदामी लाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।