सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन समस्तीपुर अलर्ट, देर रात थानेश्वर स्थान का लिया गया जायजा...
सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ एवं सुचारु व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग है।
इसी क्रम में रविवार देर रात जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा (भा0प्र0से0), पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर श्री अरविंद प्रताप सिंह(भा0पु0से0), नगर निगम की मेयर श्रीमती अनीता राम एवं अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर श्री राकेश कुमार द्वारा ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध थानेश्वर स्थान, समस्तीपुर का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर के द्वारा संयुक्त रूप से संबंधित सभी पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारी तथा कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि अंतिम सोमवारी के दिन श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन का उद्देश्य है कि सावन की अंतिम सोमवारी के पावन अवसर पर थानेश्वर स्थान पहुंचने वाले सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात को सुचारु बनाए रखने तथा विधि-व्यवस्था को कायम रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस की टीम पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, धैर्य एवं अनुशासन बनाए रखें तथा शांतिपूर्ण ढंग से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करें।
#सावन_की_अंतिम_सोमवारी #थानेश्वर_स्थान #समस्तीपुर #जिला_प्रशासन #पुलिस_प्रशासन
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Aug 24, 2026