भूमि की नई श्रेणियों और एमवीआर के समायोजन पर मंथन
लखीसराय। समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला मूल्यांकन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भूमि की वर्तमान श्रेणियों के पुनर्गठन, नई श्रेणियों के सृजन तथा न्यूनतम मूल्यांकन पंजी (एमवीआर) के समायोजन पर चर्चा की गई।
बैठक में जिला अवर निबंधक-सह-सचिव ने विभागीय अधिसूचना के आलोक में बिहार स्टाम्प नियमावली में किए गए प्रावधानों की जानकारी दी। ग्रामीण क्षेत्रों में अनुपजाऊ, असिंचित, सिंचित, आवासीय, व्यावसायिक एवं औद्योगिक भूमि की श्रेणियों, जबकि शहरी क्षेत्रों में प्रधान सड़क, मुख्य सड़क, शाखा सड़क, अन्य सड़क एवं गली के आधार पर भूमि वर्गीकरण पर विचार-विमर्श किया गया।
समिति ने नई अधिसूचना के अनुरूप पुरानी श्रेणियों के विलोपन अथवा समायोजन तथा नई श्रेणियों के लिए प्रभावी एमवीआर निर्धारित करने पर चर्चा की। ग्रामीण क्षेत्रों में फसल आधारित भूमि मूल्यांकन और शहरी क्षेत्रों में सड़क की स्थिति एवं भूमि के उपयोग के आधार पर मूल्यांकन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं व्यावहारिक बनाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।