जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड और विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की उपस्थिति में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग तथा जनपद स्तरीय विभिन्न विकास एवं फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा हेतु जिला स्तरीय बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में पीएम सूर्य घर योजना, पारिवारिक आईडी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, ओडीओपी तथा अन्य विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' की समीक्षा करते हुए कहा कि यह सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है। उन्होंने निर्देश दिए कि समस्त विभागाध्यक्ष व प्रशासनिक अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को अपने-अपने घरों पर सोलर प्लांट लगाने हेतु प्रोत्साहित करें। साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि उचित दर विक्रेताओं के माध्यम से राशन कार्डधारकों व आम नागरिकों को योजना के प्रति जागरूक करें।
फैमिली आईडी योजना की समीक्षा के दौरान विकास खंड अरांव एवं टूंडला में सबसे कम प्रगति पाए जाने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित खंड विकास अधिकारियों को पंचायत सचिवों व सहायकों के माध्यम से कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने विश्वकर्मा श्रम सम्मान एवं ओडीओपी योजना में दर्जी, बढ़ई, हलवाई आदि पारंपरिक ट्रेडों के प्रशिक्षण को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर पोर्टल पर डेटा अपडेट करने तथा महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग को पोर्टल पर लंबित आवेदनों का समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए। जनपद में चल रहीं विभिन्न निर्माण परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग शासन स्तर पर सीधे मॉनिटर की जाती है और यदि किसी अधिकारी की शिथिलता से जनपद की रैंकिंग प्रभावित होती है तो उसके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ विभागीय लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए।
Follow @DM Firozabad @CDO Firozabad
#Firozabad #CollectorateFirozabad #PMsuryaGharYojana #FamilyID #CMDashboard #SantoshKumarSharma