उच्च विद्यालय सूर्यपुरा में बीईओ मनोज कुमार को भावभीनी विदाई
रोहतास जिले के सूर्यपुरा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) मनोज कुमार के स्थानांतरण पर शनिवार को उच्च विद्यालय सूर्यपुरा में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत से हुई। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए बीडीओ तेज बहादुर सुमन, आरओ मो. जफर वारसी, बीआरओ अभय कुमार सिंह, प्रभारी बीईओ प्रकाश त्रिपाठी तथा थानाध्यक्ष ने कहा कि मनोज कुमार ने अपने कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अपने संबोधन में मनोज कुमार ने कहा कि सूर्यपुरा में मिला स्नेह और सहयोग उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने सभी शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन मो. शमीम अख्तर ने किया, जबकि अध्यक्षता उच्च विद्यालय सूर्यपुरा के प्रभारी प्रधानाध्यापक राजीव रंजन कुमार ने की। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।