किसानों को प्रेरित कर उर्वरक का अग्रिम उठाव करवाएं- कलेक्टर डॉ. मीना
सेवा संकल्प एवं जन विश्वास अभियान के तहत् कलेक्टर-एसपी ने किया मॉडल स्कूल बडौद का निरीक्षण
भीमाखेड़ी की आंगनवाड़ी में पोषण वाटिका का किया अवलोकन
किसानों को ई-टोकन के माध्यम से उर्वरक वितरण में कोई असुविधा न हो, उन्हें समय पर उर्वरक उपलब्ध करवाया जाए, साथ ही किसानों को प्रेरित कर सभी प्रकार के उर्वरक का अग्रिम उठाव करवाएं, जिले में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता एवं भण्डारण है। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने प्राथमिक कृषि सहकारी साख समिति मदकोटा के उर्वरक वितरण केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए संस्था प्रभारी भेरूलाल शर्मा एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी को दिए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप सोनी, जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी, एसडीएम श्री कमल मंडलोई व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने इस निरीक्षण के दौरान समिति प्रबंधक से यूरिया व अन्य उर्वरक के स्टॉक, वितरण व्यवस्था और अब तक वितरित उर्वरक की मात्रा आदि की जानकारी ली।
मॉडल स्कूल में कलेक्टर ने विद्यार्थियों से पूछे राजनीति, विज्ञान एवं गणित के सवाल
इस भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने शासकीय मॉडल हाई सेकेण्डरी स्कूल बड़ौद का निरीक्षण कर कक्षा 12वीं कला संकाय की कक्षा में त्रेमासिक परीक्षा प्रश्न पत्र हल करवाने के बारे में जानकारी ली और छात्रों से राजनीति, विज्ञान के प्रश्न पत्रों से संबंधित कि देश के नीति आयोग अध्यक्ष कौन है और नीति आयोग के सीईओ कौन है, प्रश्न पूछे। कलेक्टर ने एसपी के साथ कक्षा 10वीं की कक्षा में जाकर कुछ छात्रों से गणित के सवाल भी पूछे।
कलेक्टर ने विद्यालय में अध्यापन के अलावा संचालित हेल्थ केयर, कृषि संकाय की पढ़ाई आदि की जानकारी ली और विद्यालय की हेल्थ केयर लैब में जाकर विद्यार्थियों द्वारा दुर्घटना की स्थिति में घायलों की मदद, प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर देने की प्रक्रिया के बारे में विद्यार्थियों से चर्चा की। कलेक्टर ने अपने समक्ष उपस्थित छात्रों से ब्लड प्रेशर लेने की प्रक्रिया के बारे में चर्चा की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने विद्यार्थियों को ब्लड प्रेशर नापने एवं सीपीआर देने की सही प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।
कलेक्टर ने भीमाखेड़ी में पोषण वाटिका की सराहना की
इस भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. मीना ने ग्राम भीमाखेड़ी पहुंचकर आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया और कार्यकर्ता को निर्देश दिए कि वे आंगनवाड़ी में निर्धारित पूरे समय बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्र भवन पर स्थापित रूफ वाटर हार्वेंस्टिंग एवं परिसर में तैयार की गई पोषण वाटिका का अवलोकन कर पोषण वाटिका में उगाई गई सब्जियों के लिये कार्यकर्ता एवं सरपंच, सचिव की सराहना भी की।
कलेक्टर ने बड़ौद में किया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण
कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने शुक्रवार को बड़ौद क्षैत्र के भ्रमण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का आकस्मिक निरिक्षण कर उपचार के लिये आए मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर उपलब्ध उपचार सुविधाओं, नि:शुल्क दवाई वितरण, प्रसूति सहायता योजना एवं जननी सुरक्षा योजना के तहत् मिलने वाले लाभ के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्टॉफ की नियमित उपस्थिति, ओपीडी में प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या, टीकाकरण कार्यक्रम के बारे में भी जानकारी ली। कलेक्टर ने जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों के उपचार के बारे में पूछा और उनकी ईलाज पर्ची का अवलोकन किया। इस मौके पर एसपी श्री दिलीप सोनी, सीईओ जिला पंचायत श्री बीएस सोलंकी, एसडीएम श्री कमल मंडलोई, सीएमएचओ डॉ. दिनेश देहलवार, चिकित्सकगण, बीईई श्री रामलाल सिसोदिया सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं पैरामैडिकल स्टॉफ उपस्थित था।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#agarmalwa
#आगरमालवा