*चूड़धार के घने जंगल में फंसे चार श्रद्धालु, शिमला पुलिस ने रातभर रेस्क्यू कर बचाई जान*
चूड़धार यात्रा से लौटते समय जंगल में रास्ता भटके चार श्रद्धालुओं को शिमला पुलिस ने रातभर चलाए गए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित बचा लिया। इनमें दो युवक और एक दंपति शामिल है।
जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर 2026 की रात 112 कंट्रोल रूम शिमला के माध्यम से सूचना मिली कि चूड़धार यात्रा से वापस लौट रहे कुछ श्रद्धालु घने जंगल में रास्ता भटक गए हैं और उन्हें अपनी लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस थाना चौपाल की टीम ने बिना समय गंवाए दुर्गम चूड़धार क्षेत्र में रात के अंधेरे के बीच सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। घना जंगल, कठिन भौगोलिक परिस्थितियां और अंधेरा होने के बावजूद पुलिस जवान लगातार श्रद्धालुओं की तलाश में जुटे रहे।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने आधी रात के दौरान पताल खड्ड की ओर जंगल में फंसे दो युवकों को सकुशल तलाश कर रेस्क्यू किया। इसी बीच दो अन्य श्रद्धालुओं के भी रास्ता भटकने की सूचना पुलिस को मिली। इनमें एक दंपति शामिल था।
पुलिस टीम ने बिना अभियान रोके दोनों की तलाश जारी रखी और उन्हें भी चूड़धार क्षेत्र से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर ठहराया गया और पुलिस टीम द्वारा उन्हें सुरक्षित वापस लाया जा रहा है।
रात के अंधेरे, दुर्गम जंगल और विपरीत परिस्थितियों के बीच शिमला पुलिस के जवानों ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए समय रहते चार श्रद्धालुओं तक पहुंच बनाई और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों में राहुल (22 वर्ष) तथा साकेत (21 वर्ष) निवासी मोहाली, पंजाब शामिल हैं। इसके अतिरिक्त राहुल (26 वर्ष) एवं उनकी पत्नी मधु (24 वर्ष), निवासी जिला करनाल, हरियाणा को भी चूड़धार क्षेत्र में रास्ता भटकने के बाद पुलिस टीम द्वारा तलाश कर सकुशल रेस्क्यू किया गया। सभी चारों व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
Solan, Solan | Sep 14, 2026