महाराष्ट्र जा रही ट्रेन को बनाने वाले थे दारू का ठेका...
फरीदाबाद से कम कीमत पर अंग्रेजी शराब खरीदकर महाराष्ट्र में महंगे दामों पर बेचने की योजना पुलिस ने नाकाम कर दी। पुलिस चौकी बस स्टैंड बल्लभगढ़ की टीम ने रेलवे रोड के पास दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 49 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की हैं। आरोपी ट्रेन के जरिए शराब महाराष्ट्र ले जाने की फिराक में थे।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 21 अगस्त को चौकी की टीम को अवैध शराब के परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर रेलवे रोड बल्लभगढ़ के पास कार्रवाई करते हुए सुनील और महेश को काबू किया गया। दोनों आरोपी महाराष्ट्र के ठाणे जिले के रहने वाले हैं। सुनील मारीशा को-ऑपरेटिव सोसाइटी और महेश ओमकार रेजीडेंसी का निवासी बताया गया है।
सस्ती शराब खरीदकर महंगे दाम पर बेचने की थी योजना
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी किसी काम के सिलसिले में फरीदाबाद आए थे। यहां शराब की कीमत कम देखकर उन्होंने अंग्रेजी शराब खरीदकर महाराष्ट्र में अधिक दाम पर बेचने की योजना बनाई। इसके बाद दोनों ने 49 बोतल शराब खरीदी और ट्रेन से महाराष्ट्र जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन स्टेशन पहुंचने से पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री, तस्करी और दूसरे राज्यों में गैरकानूनी परिवहन रोकने के लिए अभियान लगातार जारी है। सार्वजनिक स्थानों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।