राजकीय विद्यालयों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं, सांस्कृतिक उत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतरीन करते है मंच प्रदान-केएस संधावा
छछरौली/यमुनानगर, 9 अक्तूबर- उपमंडल छछरौली के गांव बक्करवाला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाखरवाला में खंड स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव कार्यक्रम का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समग्र शिक्षा अभियान के जिला परियोजना अधिकारी केएस संधावा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय पहुंचने पर प्रिंसिपल एवं विद्यालय स्टाफ द्वारा मुख्य अतिथि का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा उन्हें पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। इस कल्चरल फैस्ट में खंड छछरौली के विभिन्न राजकीय विद्यालयों से विद्यार्थियों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में स्कूलों के विद्यार्थियों ने गिद्दा, रागनी, हरियाणवी गीत, स्किट सहित विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केएस संधावा ने कहा कि कल्चरल फेस्ट विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और उसे निखारने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करते हैं। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अनुशासन एवं मंच पर प्रस्तुति देने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खंड एवं जिला स्तर पर आयोजित होने वाले ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने से विद्यार्थियों को अपनी कमियों को दूर करने, अनुभव प्राप्त करने और भविष्य में बेहतर कलाकार के रूप में उभरने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा के राजकीय विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेलों, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य सह-पाठ्यक्रम क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। हमारे राजकीय विद्यालयों में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की कोई कमी नहीं है। राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थी किसी भी क्षेत्र में निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों से पीछे नहीं हैं। सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाएं, योग्य शिक्षकों का मार्गदर्शन और विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए दिए जा रहे अवसर उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी उत्साह और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय पहुंचने पर प्रिंसिपल श्री मधुकर, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक धीमान, खंड छछरौली के विभिन्न विद्यालयों के प्रिंसिपल, जिनमें सेवा सिंह एवं श्रीमती ममता धीमान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, विद्यालय की स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान एवं सदस्य, गांव के सरपंच योगेश कुमार, पूर्व सरपंच अशोक कुमार, विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी एवं विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने, अपनी प्रतिभा को पहचानने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।