सेवा संकल्प अभियान के तहत
शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय बड़वानी में करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित
बड़वानी 07 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय बड़वानी में विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। सत्र का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता एवं कौशल के अनुरूप बेहतर करियर विकल्पों की जानकारी प्रदान करना तथा उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम प्राचार्य श्री कमलेश गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। प्राचार्य श्री गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सही समय पर उचित करियर मार्गदर्शन आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर अध्ययन एवं कौशल विकास पर ध्यान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी श्री पीएस रावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ सही करियर दिशा का चयन भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। डिप्लोमा के बाद विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी एवं निजी क्षेत्र में रोजगार तथा स्वरोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष श्री तानिलाल ठाकुर ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि करियर निर्माण एक सतत प्रक्रिया है, जिसमें सही दिशा, निरंतर अध्ययन एवं मेहनत की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता के साथ बदलती तकनीक एवं उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करना चाहिए।
कार्यक्रम में श्री गौरव दाणे ने विद्यार्थियों को डिप्लोमा के बाद उच्च शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी सेवाओं, निजी क्षेत्र एवं स्वरोजगार से संबंधित विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने, समय प्रबंधन एवं उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन व्याख्याता श्री प्रदीप राठौर ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को करियर निर्माण के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराते हुए अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखते हुए नियमित अध्ययन एवं कौशल विकास पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में कु. तरुणा पाचुरेकर ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष श्री तरुण सोलंकी, व्याख्याता श्री राकेश चौबे, श्री नवल भोंसले, श्री अमरसिंह चौहान, श्री महेंद्र बरड़े, श्री संजय परमार, श्री देवेंद्र राठौर सहित महाविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। करियर काउंसलिंग सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्राप्त कर अपने भविष्य के लिए सही दिशा चुनने तथा अपने कौशल एवं क्षमताओं को विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
#JansamparkMP
#Badwani
1 views | Barwani, Madhya Pradesh | Oct 7, 2026