शिक्षा बोर्ड ने 01 अधिकारी व 01 कर्मचारी को दी भावभीनी विदाई
- बोर्ड अध्यक्ष व सचिव ने स्मृति-चिह्न एवं उपहार भेंट कर किया सम्मानित
भिवानी, 30 अक्तूबर, 2026 : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी में आज सेवानिवृत्ति समारोह का आयोजन किया गया। शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष श्री शंकर लाल धूपड़ एवं सचिव श्री दीपक बाबूलाल करवा, भा.प्र.से. ने सेवानिवृत्त हुए एक अधिकारी व एक कर्मचारी को स्मृति-चिह्न एवं उपहार भेंट कर उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सेवानिवृत हुए अधिकारी/कर्मचारी के परिजन, बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बोर्ड अध्यक्ष श्री शंकर लाल धूपड़ एवं सचिव श्री दीपक बाबूलाल करवा, भा.प्र.से. ने संयुक्त रूप से बताया कि श्री रवि दत्त, अधीक्षक 31 वर्ष 02 महीने 28 दिन एवं श्री पूर्ण सिंह घुराली, डी.जी.ओ. 37 वर्ष 09 महीने 06 दिन तक अपनी उल्लेखनीय सेवाएं प्रदान करने के उपरांत आज सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त हुए अधिकारी व कर्मचारी ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और लगन के साथ कार्य करते हुए बोर्ड की प्रगति एवं संस्था के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके अनुभव, कार्य के प्रति समर्पण तथा सेवाभाव को सदैव याद रखा जाएगा।
इसके अतिरिक्त ऑफिसर एसोसिएशन हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा भी सेवानिवृत्त हुए अधीक्षक के सम्मान में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। सेवानिवृत हुए अधीक्षक को एसोसिएशन द्वारा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। एसोसिएशन महासचिव श्री विजेन्द्र पांचाल ने सेवानिवृत हुए अधीक्षक के कार्यो की सराहना करते हुए उनकी दीर्घ आयु व सुखमय जीवन की भी कामना की।
---------
Bhiwani, Bhiwani | Oct 31, 2026