राजपुर में विधिक जागरूकता एवं विधिक सहायता शिविर आयोजित
---
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अशोकनगर श्री सतीश चंद्र शर्मा के मार्गदर्शन एवं सचिव श्री मनीष अनुरागी के निर्देशन में ग्राम पंचायत राजपुर में विधिक जागरूकता एवं विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री हेमंत कुशवाहा की उपस्थिति में ग्रामीणजनों को विभिन्न विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
शिविर के दौरान उपस्थित महिलाओं की समस्याओं का निराकरण करते हुए उनके आधार कार्ड, बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र एवं आवश्यक प्रमाण-पत्रों में संशोधन कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही कराई गई तथा उन्हें संबंधित विभागों की प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी गई।
इसके साथ ही उपस्थित बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एवं आपातकालीन सहायता हेल्पलाइन 112, नालसा हेल्पलाइन 15100 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की कठिनाई, शोषण, बाल श्रम, बाल विवाह, हिंसा अथवा आपात स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।
शिविर में बच्चों को शिक्षा के महत्व पर विशेष रूप से जागरूक किया गया। उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन, नैतिक मूल्यों तथा अपने जीवन के लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप भविष्य में शिक्षा एवं कैरियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान करते हुए उन्हें बेहतर भविष्य के निर्माण हेतु प्रोत्साहित किया गया। भारत के संविधान में वर्णित नागरिकों के मूल अधिकार एवं मूल कर्तव्यों के बारे में विस्तृत से बच्चों को बताया और उन्हें प्राकृतिक संरक्षण एवं देश के प्रति सम्मान भाव रखने के लिए कहा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है तथा किसी भी विधिक समस्या की स्थिति में वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर आवश्यक सहायता एवं परामर्श प्राप्त कर सकते हैं।
#ashoknagar