जिलाधिकारी श्री पुलकित गर्ग ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों से कहा है कि
संज्ञान में आया है कि जनपद के कतिपय विभागों / कार्यालयों द्वारा शासकीय पत्रावलियों का अभी भी ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से संचालन न करते हुए भौतिक रूप से किया जा रहा है। जबकि शासन द्वारा शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, त्वरित / समयबद्ध निस्तारण एवं प्रभावी अनुश्रवण के उद्देश्य से समस्त शासकीय पत्रावलियों का संचालन ई-ऑफिस के माध्यम से किए जाने के स्पष्ट निर्देश निर्गत किए गए हैं। शासन के उक्त निर्देशों के अनुपालन में अधोहस्ताक्षरी द्वारा पूर्व में ई-आफिस प्रणाली के माध्यम से शासकीय पत्रावलियों का संचालन किये जाने हेतु यथाआवश्यक निर्देश निर्गत किए जाने के बावजूद भी कतिपय कार्यालयों द्वारा इसका अपेक्षित अनुपालन न किये जाने की स्थिति अत्यंत ही खेदजनक है। जैसा कि आप भिज्ञ हैं कि ई-ऑफिस व्यवस्था का मूल उद्देश्य शासकीय कार्य प्रणाली को सुगम, पारदर्शी, समयबद्ध एवं उत्तरदायी बनाते हुए पत्रावलियों के निस्तारण एवं अनुश्रवण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करना है,तत्कम में पुनः निर्देशित किया जाता है कि जनपद के समस्त विभागों /कार्यालयों में शासकीय पत्रावलियों का ई-ऑफिस के माध्यम से अनिवार्य रूप से संचालन किया जाए। अतएव समस्त जिला स्तरीय अधिकारी / कार्यालयाध्यक्ष अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं पटल सहायकों को इस संबंध में लिखित रूप से स्पष्ट निर्देश निर्गत करते हुए ई-ऑफिस व्यवस्था का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करायें, अन्यथा कि स्थिति में संबन्धित के विरूद्ध नियमानुसार अग्रेतर कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी, जिसके लिए वह स्वयं उत्तरदायी होंगे।