जालोर में सभापति के लिए चार नामांकन : भाजपा ने जयसिंह और कांग्रेस ने बंशीलाल माली को उम्मीदवार बनाया। जालोर नगर परिषद में सभापति पद के लिए नामांकन के अंतिम दिन चार उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए। कांग्रेस की ओर से वार्ड 32 से विजयी शोभा सुंदेशा, सैय्यद मुमताज अली और बंशीलाल माली ने नामांकन भरा, जबकि भाजपा की ओर से जयसिंह ने पर्चा दाखिल किया। कांग्रेस ने तीनों नामांकन में से बंशीलाल माली को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, भाजपा ने जयसिंह को प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में अब सभापति पद के लिए जयसिंह और बंशीलाल माली के बीच सीधा मुकाबला होगा। सभापति पद के लिए कांग्रेस से तीन दावेदारों ने नामांकन दाखिल किया था। इनमें शोभा सुंदेशा, सैय्यद मुमताज अली और बंशीलाल माली शामिल थे। पार्टी ने मंथन के बाद बंशीलाल माली को उम्मीदवार बनाया है। जालोर के 40 वार्डों में 14 पर बीजेपी, 19 पर कांग्रेस और 7 पर अन्य ने जीत दर्ज की है। यहां किंग मेकर निर्दलीय होंगे। फिलहाल ये देखना होगा कि बोर्ड कौनसी पार्टी बनाती है।
Jalor, Jalor | Sep 16, 2026