टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे पांवटा साहिब के होनहार खिलाड़ी जसबीर सिंह का 'श्री पांवटा साहिब वेलफेयर सोसाइटी' ने किया जोरदार स्वागत..
श्रीलंका में द्वितीय दक्षिण एशियाई पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप 2026 में भारत ने मेजबान को हराकर जीता स्वर्ण पदक..
श्रीलंका के रत्नपुरा में द्वितीय दक्षिण एशियाई पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक (Gold Medal) जितने वाले पांवटा साहिब क्षेत्र के होनहार खिलाड़ी जसबीर सिंह का पौण्टा पहुंचने पर श्री पांवटा साहिब वेलफेयर सोसाइटी ने जोरदार स्वागत किया और उन्हें इस उपलब्धि के लिए विशेष सम्मान भी दिया गया।
पांवटा साहिब के होटल फीनिक्स में एक सयुंक्त पत्रकार वार्ता दौरान गोल्डमेडलिस्ट जसवीर सिंह ने कहा कि वह एक साधारण परिवार से आते हैं। वह गांव कोटड़ी व्यास, पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के निवासी हैं। आर्थिक तंगी के कारण वह द्वितीय दक्षिण एशियाई पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप 2026 के लिए श्रीलंका नहीं जा पा रहे थे। ऐसे कठिन समय में पांवटा साहिब के समाजसेवी और श्री पांवटा साहिब वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष गुरदीप सिंह गैरी ने आगे आकर उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की।
जसबीर सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना किसी सपने के साकार होने से कम नहीं था। वो पूरी तन्मयता, लगन और ईमानदारी से मेहनत कर रहे थे। प्रतिभा, मेहनत और देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा तो मजबूत था, लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी उसके रास्ते में एक बड़ी बाधा बनकर खड़ी थी।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर आर्थिक अभाव के कारण कहीं सपना बनकर न रह जाए, यही सबसे बड़ी चुनौती उनके सामने थी।
ऐसे कठिन समय में पांवटा साहिब के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं श्री पांवटा साहिब वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष गुरदीप सिंह गैरी ने आगे बढ़कर न केवल जसबीर सिंह का हौसला बढ़ाया, बल्कि उसे आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
जसवीर सिंह ने बताया कि यदि उन्हें गुरदीप सिंह गैरी ने सहायता नहीं दी होती तो वह श्रीलंका नहीं जा सकते थे। उन्होंने गुरदीप सिंह गैरी व उनकी सामाजिक संस्था श्री पौण्टा साहिब वेलफेयर सोसाइटी द्वारा किये जा रहे जनहित कार्यो की सराहना की। साथ ही उनका आभार व्यक्त किया।
उनका यह सहयोग महज आर्थिक मदद नहीं था, बल्कि एक संघर्षशील खिलाड़ी की प्रतिभा पर विश्वास, उसके सपनों के प्रति सम्मान और उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए उठाया गया एक प्रेरणादायी कदम था। इसी सहयोग के परिणामस्वरूप जसबीर सिंह को श्रीलंका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा कि वह हर बार मैच के दौरान भी यही सोचते थे कि उन्हें हर हाल में देश के लिए गोल्ड जीतना हैं और उन्होंने कर दिखाया। जीत की खुशी के उपरांत फिर सबसे भावुक पल तब आया, जब शाम करीब 7 बजे श्रीलंका से जसबीर का फोन गुरदीप सिंह गैरी के पास आया और उन्होंने कहा -"सर! मैंने देश के लिए गोल्ड मेडल जीत लिया है और अपनी यह जीत आपको समर्पित करता हूं।" जसवीर सिंह ने हिमाचल प्रदेश सरकार से मांग की है कि पैरा थ्रोबॉल को भी अन्य खेलों की तरह स्पोर्ट्स कोटे में लिया जाए और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके खिलाड़ियों को सरकारी कोटे के तहत सरकारी नोकरी का प्रावधान हो।
पत्रकार वार्ता दौरान श्री पांवटा साहिब वेलफेयर सोसाइटी अध्यक्ष गुरदीप सिंह गैरी ने जसवीर सिंह को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह जीत सिर्फ खेल की नहीं, मदद और विश्वास की भी है। यह जीत पांवटा साहिब ही नहीं, पूरे हिमाचल और पूरे देश के लिए गर्व वाली बात है। उन्होंने कहा कि लगातार उनके सम्पर्क में ऐसे कई खिलाड़ी आ रहे है जो आर्थिक तंगी व संसाधनों की कमी के चलते आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। लेकिन उनकी श्री पौण्टा साहिब वेलफेयर सोसाइटी व वह स्वयं हमेशा ऐसे खिलाड़ियों की सहायता के लिए खड़े हैं।
समाजसेवी गुरदीप सिंह गैरी ने हिमाचल सरकार व खेल संघ से भी आग्रह किया है कि वह कम से कम खिलाड़ियों के देश व विदेश खेल यात्राओं का खर्चा वहन करें, ताकि खिलाड़ी अपना पूरा ध्यान खेल पर लगा कर रख सके।
गौरतलब हो कि पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप के फाइनल में भारत ने मेजबान श्रीलंका को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया हैं। जसवीर सिंह ने इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था, जिसमें हिमाचल के 4 खिलाड़ी शामिल थे।