प्रेस विज्ञप्ति
*‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन*
मोतिहारी, 05 अक्टूबर 2026।
भारत सरकार के ‘मेरे सपनों का भारत’ अभियान के अंतर्गत पूर्वी चंपारण जिले में आज जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महात्मा गांधी प्रेक्षागृह, राजाबाजार, मोतिहारी में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद श्री राधामोहन सिंह, विधायक श्री प्रमोद कुमार एवं उप महापौर श्री लालबाबू गुप्ता ,जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री राजन कुमार गिरी, शकील अहमद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का विषय ‘मेरे सपनों का भारत—सेवा चित्र’ रखा गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपने सपनों के भारत की परिकल्पना को रंगों और रचनात्मकता के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता में विद्यालय स्तर पर चयनित कक्षा 01 से 08 तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
विद्यार्थियों ने अपनी चित्रकला के माध्यम से शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, विकसित भारत, ग्रामीण विकास, आत्मनिर्भरता, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्र की प्रगति जैसे विभिन्न विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के विजेता
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में—
प्रथम पुरस्कार: अमित राज, जिला स्कूल, मोतिहारी द्वितीय पुरस्कार: रंजना कुमारी, UMS अमोदेई, रामगढ़वा
तृतीय पुरस्कार: अर्पिता यादव, श्रीधर अनूठा, कोटवा
को पुरस्कृत किया गया। वही विजेता छात्रों से जिलाधिकारी महोदय श्री सौरभ कुमार यादव ने अपने चैंबर में मिलकर सभी को प्रोत्साहित किए।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं संचालन में जिले के विभिन्न प्रखंडों से प्रतिनियुक्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतिनियुक्त शिक्षकों मे आदित्य मानस, अमित कुमार भारती, रवि कुमार,संतोष कुमार रंजन, धर्मेन्द्र कुमार सिंह,दीपक कुमार,अविनाश गुप्ता, गोलू कुमार, नंदकिशोर सहनी, राहुल प्रताप श्री मुन्ना कुमार शामिल रहे।
शिक्षकों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ प्रतियोगिता के निर्धारित मानकों के अनुरूप चित्रों के अवलोकन एवं मूल्यांकन तथा आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग किया।
जिला शिक्षा विभाग की ओर से कहा गया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में रचनात्मक सोच, कल्पनाशीलता, अभिव्यक्ति की क्षमता तथा देश के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे मंच प्रदान करने का अवसर देते हैं।
‘मेरे सपनों का भारत’ की परिकल्पना को बच्चों की कल्पना, रंगों और रचनात्मकता के माध्यम से साकार करने वाला यह जिला स्तरीय आयोजन विद्यार्थियों के लिए सीखने, सृजन करने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर बना।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Bihar Education Department