दिन के उजाले में जलती रही हाईमास्ट लाइट, जिम्मेदार बेखबर
बनमा:-
ऊर्जा संरक्षण और बिजली बचत को लेकर सरकार लगातार जागरूकता अभियान चला रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर लापरवाही की तस्वीरें अब भी सामने आ रही हैं। ऐसा ही एक मामला बनमा इटहरी प्रखंड अंतर्गत कुसमी अली डिपो के पास देखने को मिला, जहां दिन के उजाले में भी हाईमास्ट लाइट जलती रही। पर्याप्त प्राकृतिक रोशनी होने के बावजूद घंटों तक लाइट चालू रहने से सरकारी बिजली की अनावश्यक खपत होती रही।स्थानीय लोगों ने बताया कि दिन में हाईमास्ट लाइट जलने से न सिर्फ सरकारी राजस्व का नुकसान हो रहा है, बल्कि बिजली बचाने के सरकारी प्रयासों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि संबंधित विभाग नियमित रूप से निगरानी करे या ऑटोमैटिक टाइमर सिस्टम की समय-समय पर जांच कराए, तो इस तरह की लापरवाही पर आसानी से रोक लगाई जा सकती है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर दोष दूर करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है। लोगों का कहना है कि छोटी-सी लापरवाही भी सार्वजनिक धन की बर्बादी का कारण बनती है, इसलिए जिम्मेदार अधिकारियों को इस दिशा में गंभीरता दिखानी चाहिए। लेकिन दुर्भाग्य की बात है की विभाग इस चीजो से अंजान है।
Kahara, Saharsa | Jun 27, 2026