BIG BREAKING | मेरठ में SSP का अचानक तबादला, किसान नेताओं ने लगाए हिरासत में बर्बरता के आरोप
मेरठ। दलित छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर हुए प्रदर्शन और लाठीचार्ज के मामले में दो किसान नेताओं के साथ पुलिस हिरासत में कथित मारपीट के आरोपों के बीच मेरठ SSP अविनाश पांडेय का अचानक तबादला कर दिया गया है। उन्हें DGP मुख्यालय लखनऊ से संबद्ध किए जाने की जानकारी सामने आई है।
मामले में किसान नेता दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव ने पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि दोनों को SSP कार्यालय बुलाया गया, जहां उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। इसके बाद उन्हें SOG कार्यालय ले जाया गया।
किसान नेताओं का आरोप है कि SOG कार्यालय में भी उनके साथ बर्बरता की गई और इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ पर भी मारपीट के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
वहीं, SSP अविनाश पांडेय ने आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि दोनों को विवाद के संबंध में हिरासत में लिया गया था तथा उनके साथ मारपीट नहीं की गई।
अब SSP के अचानक तबादले के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है। किसान नेताओं के लगाए आरोपों की स्वतंत्र जांच और पुलिस अधिकारियों की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, पुलिस हिरासत में कथित मारपीट के आरोपों की आधिकारिक जांच और तथ्यात्मक पुष्टि होना अभी बाकी है।
Baghpat, Bagpat | Aug 21, 2026