सेंट कोलंबस स्कूल में जन्माष्टमी की धूम, दही-हांडी फोड़ने को दिखा जबरदस्त उत्साह
राधा-कृष्ण की झांकियों ने मोहा मन, नन्हे कान्हा बने बच्चों ने लूटी वाहवाही
फरीदाबाद। दयाल बाग स्थित सेंट कोलंबस स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां, मधुर भजन और रंग-बिरंगी सजावट के बीच पूरा स्कूल परिसर कृष्णमय नजर आया।
कार्यक्रम में इस्कॉन की सदस्य प्रगति सिंगला एवं प्रभुजी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। स्कूल की निदेशिका संगीता भाटी ने पौधे भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। बाल कृष्ण और राधा के रूप में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चे आकर्षण का केंद्र बने।
मंच पर भी बच्चों का जलवा देखने को मिला। सातवीं कक्षा की काव्या ने मनमोहक प्रस्तुति दी, जबकि आठवीं की प्रगति त्रिपाठी और आकृति पांडेय ने हिंदी गीत से समां बांध दिया। नर्सरी और केजी के बच्चों की प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं। पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को नृत्य के जरिए मंच पर जीवंत कर दिया।
दही-हांडी फोड़ने को दिखा गजब का जोश
समारोह का सबसे रोमांचक हिस्सा मटका रेस और दही-हांडी प्रतियोगिता रही। मटका रेस में आठवीं कक्षा की लक्षिका मंडराल प्रथम, वंशिका सिंह द्वितीय और मान्या तृतीय रहीं।
वहीं नौवीं कक्षा की मटकी फोड़ प्रतियोगिता में देवेश ने पहला स्थान हासिल किया। अंकुश दूसरे और दक्ष राणा तीसरे स्थान पर रहे।
प्रगति सिंगला ने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में विपरीत परिस्थितियां आने पर भी धैर्य और साहस बनाए रखते हुए निःस्वार्थ भाव से कर्म करते रहना चाहिए। इस्कॉन के प्रभुजी के हरे कृष्ण कीर्तन पर पूरा स्कूल परिसर भक्तिरस में डूब गया।
अंत में निदेशिका संगीता भाटी ने अतिथियों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
#Faridabad #VoiceOfFaridabad #Janmashtami #StColumbusSchool #KrishnaJanmashtami #DahiHandi #FaridabadNews