दीपावली से पहले प्रशासन अलर्ट, SDM आशुतोष तिवारी ने पटाखा गोदाम पर किया औचक निरीक्षण
फायर सेफ्टी उपकरणों की बारीकी से जांच, सुरक्षा मानकों में लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई
संभल/चंदौसी। दीपावली के त्योहार को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी (SDM) चंदौसी आशुतोष तिवारी ने पटाखा गोदाम का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोदाम में अग्निशमन सुरक्षा से जुड़े उपकरणों और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की।
एसडीएम आशुतोष तिवारी ने गोदाम संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पटाखों के भंडारण और रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता, उनकी स्थिति और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को भी परखा।उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री और भंडारण को देखते हुए सुरक्षा मानकों का पालन करना बेहद जरूरी है। गोदाम संचालकों को सभी आवश्यक अग्निशमन उपकरण दुरुस्त रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम ने चेतावनी दी कि यदि निरीक्षण के दौरान कोई गोदाम निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरता है या सुरक्षा व्यवस्था में कमी पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से पटाखा कारोबारियों में सतर्कता बढ़ गई है। दीपावली से पहले प्रशासन द्वारा किए जा रहे निरीक्षण का उद्देश्य किसी भी संभावित अग्निकांड या अप्रिय घटना को रोकना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।