मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मिला हितलाभ, स्वयं सहायता समूहों को 3.15 करोड़ का सीआईएफ चेक एवं 6 लाख का सीसीएल स्वीकृति पत्र वितरित
सम्भल (चंदौसी)
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सम्भल के तत्वावधान में रविवार को एस.एम. इंटर कॉलेज, चन्दौसी में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सम्भल स्थित चन्दौसी डॉ. विदुषी सिंह ने फीता काटकर तथा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में माननीय जनपद न्यायाधीश तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट/प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दीपक कुमार जायसवाल, अपर जनपद न्यायाधीश (विशेष एससी/एसटी एक्ट) रागिनी सिंह, अपर जनपद न्यायाधीश (एफटीसी) गोपाल, सिविल जज सीनियर डिवीजन आदित्य सिंह एवं पराग यादव, एसीजेएम नावेद अख्तर, सिविल जज जूनियर डिवीजन दिव्या गर्ग एवं दिव्या चंडालिया, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार तथा जिला विकास अधिकारी राम आशीष सहित अन्य न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों का पुष्प भेंटकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अन्य न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा शासन की लाभार्थीपरक योजनाओं से संबंधित लगाए गए स्टालों एवं शिविरों का अवलोकन किया। इस दौरान कृषि विभाग की कस्टम हायरिंग योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी किसान को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी गई। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से लाभार्थियों को लेप्रोसी किट एवं छड़ी वितरित की गई। मत्स्य विभाग की ओर से दो लाभार्थियों को मोपेड विद आइस बॉक्स प्रदान की गई।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 3.15 करोड़ रुपये का सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) का प्रतीकात्मक चेक तथा एक स्वयं सहायता समूह को 6 लाख रुपये की कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। वहीं, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी को 1.78 लाख रुपये का स्वीकृति पत्र वितरित किया गया। आईसीडीएस विभाग की ओर से गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर माननीय जनपद न्यायाधीश डॉ. विदुषी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों एवं शिविरों के माध्यम से यहां आए लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। राज्य प्रशासन एवं न्याय प्रशासन सामान्य जन की भलाई एवं कल्याण के लिए कार्य करते हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से न्याय जनसामान्य के द्वार तक पहुंच रहा है। आज आयोजित यह शिविर इसका एक उदाहरण है। विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में लगाए गए इस शिविर के माध्यम से जनसामान्य को विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के डिप्टी चीफ चन्द्रपाल सिंह ने विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों एवं आमजन को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के चीफ संजीव सिंह तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट/प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दीपक कुमार जायसवाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
इसके अतिरिक्त परिसर में माननीय जनपद न्यायाधीश डॉ. विदुषी सिंह द्वारा पौधारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, लाभार्थी एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।