दीपावली पर मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने बाजारों में पहुंचकर व्यापारियों को दी शुभकामनाएं
देशी मिट्टी के दीपक खरीदकर दिया ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश
सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने गुरुवार शाम शहर के प्रमुख बाजारों में पहुंचकर व्यापारियों और दुकानदारों से आत्मीय मुलाकात की तथा उन्हें दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने देशी मिट्टी से निर्मित दीपक खरीदकर स्थानीय कारीगरों और व्यापारियों के उत्पादों को प्रोत्साहित करने के साथ ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश भी दिया।
मंत्री श्री कुशवाह ने महाराज बाड़ा स्थित मुखर्जी भवन से अपने भ्रमण की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने मोर गली, सराफा बाजार, डीडवाना ओली, टोपी बाजार, दही मंडी सहित महाराज बाड़ा क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में पहुंचकर दुकानदारों और व्यापारियों से मुलाकात की। उन्होंने दीपावली के पावन पर्व पर सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मंत्री श्री कुशवाह ने व्यापारियों एवं दुकानदारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली प्रकाश, उल्लास और आपसी प्रेम का पर्व है। यह त्योहार हम सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए। ग्वालियर के व्यापारियों और दुकानदारों की मेहनत शहर की आर्थिक गतिविधियों को गति प्रदान करती है। स्थानीय कारीगरों और छोटे व्यापारियों द्वारा तैयार किए गए स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर हम उनके परिश्रम को प्रोत्साहन दे सकते हैं। सभी नागरिक इस दीपावली पर स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें और स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी को बढ़ावा दें।
इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष श्री जयप्रकाश राजौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
#gwalior
#diwalifestival
PRO Gwalior
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
Gwalior, Madhya Pradesh | Nov 5, 2026