गैस सिलेंडर में दो किलो गैस कम, ग्राहक पंचायत के वीडियो देखकर युवक हुआ जागरूक,
ग्वालियर। घिरोगी गैस एजेंसी से उपभोक्ताओं को सप्लाई किए जा रहे सिलेंडरों में गैस की चोरी का मामला सामने आया है। हजीरा क्षेत्र निवासी स्वदेश राजावत ने एजेंसी पर आरोप लगाते हुए बताया कि जब उन्हें सिलेंडर मिला तो उठाते समय ही उन्हें उसमें गैस कम लगी। संदेह होने पर उन्होंने सिलेंडर का वजन किया, जिसमें करीब दो किलो गैस कम पाई गई।
स्वदेश राजावत ने बताया कि वे सोशल मीडिया पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा जारी किए जाने वाले जागरूकता वीडियो नियमित रूप से देखते हैं। इन्हीं वीडियो की वजह से उन्हें सिलेंडर का वजन चेक करने की प्रेरणा मिली और गैस की कमी का खुलासा हुआ।
उपभोक्ता ने संबंधित एजेंसी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोग भी इस मामले की जांच की मांग कर रहे हैं ताकि गैस चोरी जैसी अनियमितताओं पर रोक लग सके।