#सेवा_संकल्प_अभियान के तहत विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की दी जानकारी
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में नागरिकों एवं विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जावी में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में नीमच यातायात थाना प्रभारी श्री मलखान सिंह ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क पर पैदल चलते समय बरती जाने वाली सावधानियों, सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों तथा वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने के महत्व से अवगत कराया।
उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने की समझाइश दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सड़क सुरक्षा केवल वाहन चालकों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थी स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही अपने माता-पिता, परिजनों और आसपास के लोगों को भी सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#Neemuch #नीमच