पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान, घोषणा पत्र देने की आवश्यकता नहीं
18-19 वर्ष के युवाओं एवं छूटे हुए पात्र नागरिकों के लिए 7 से 9 अक्टूबर तक विशेष कैंप
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्य प्रदेश, भोपाल के निर्देशों के पालन में जिले में छूटे हुए एवं प्रथम बार मतदाता बनने वाले 18-19 वर्ष आयु वर्ग के पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहने देना है।
BLO घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन, छूटे पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे
विशेष अभियान के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारी द्वारा एसआईआर से पूर्व की मतदाता सूची एवं वर्तमान प्रकाशित मतदाता सूची का मिलान किया जाएगा। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान जिन पात्र मतदाताओं के नाम किसी त्रुटि या अन्य कारण से कट गए हैं अथवा जो SIR के दौरान तैयार की गई ASDR सूची में सम्मिलित थे, उनका BLO द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा।
सत्यापन में पात्र पाए जाने पर संबंधित नागरिक का नाम प्रारूप-6 के माध्यम से मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा। सभी BLO को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि किसी भी पात्र मतदाता से प्रारूप-6 के साथ घोषणा-पत्र नहीं लिया जाए।
18-19 वर्ष के युवाओं एवं छोटे हुए नागरिकों के लिए 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को विशेष कैंप
18-19 वर्ष के युवाओं एवं छूटे हुए नागरिकों के नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में जोड़ने के लिए प्रत्येक बीएलओ द्वारा मतदान केन्द्र स्तर पर विद्यालयों, महाविद्यालयों, रात्रि आश्रय स्थलों, श्रमिक बस्तियों तथा बेघर एवं वंचित वर्गों के नागरिकों के ऐसे स्थानों पर, जहां पात्र मतदाताओं की अधिक से अधिक उपस्थिति हो, दिनांक 07, 08 एवं 09 अक्टूबर 2026 को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।
बीएलओ से संपर्क करें या ऑनलाइन Form-6 भरें
जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी नागरिकों एवं विशेष रूप से 18-19 वर्ष के युवाओं से अपील की है कि वे अपने संबंधित क्षेत्र के BLO से संपर्क करें अथवा https://voters.eci.gov.in/� के माध्यम से प्रारूप-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं।
पात्र नागरिक अधिक से अधिक संख्या में इस विशेष अभियान में सहभागिता करें और अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाकर लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
Jansampark Madhya Pradesh
Chief Electoral Officer Madhya Pradesh
Election Commission of India
#ElectionCommissionOfIndia #VoterRegistration #VoterAwareness #Neemuch #VoterList