बीआईएस स्टैंडर्ड क्लब की पहल: विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ध्वज आधारित वर्ड सर्च पहेली सुलझाई
________________
खरगोन 19 अगस्त 2026। शासकीय स्नातकोत्तर (अग्रणी) महाविद्यालय, खरगोन के भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) स्टैंडर्ड क्लब द्वारा विद्यार्थियों में भारतीय मानकों, गुणवत्ता एवं मानकीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ड सर्च पहेली प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को बीआईएस, भारतीय राष्ट्रीय ध्वज, गुणवत्ता, मानक, खादी एवं अशोक चक्र सहित विभिन्न विषयों से संबंधित शब्दों एवं संकेतों पर आधारित पहेली दी गई। विद्यार्थियों ने संकेतों को समझते हुए निर्धारित समय में सही शब्द खोजकर पहेली पूरी की।
महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. डी.एस. बामनिया ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से विद्यार्थियों में मानकों के प्रति जागरूकता के साथ तार्किक चिंतन, शब्द-ज्ञान, एकाग्रता एवं समस्या-समाधान की क्षमता विकसित होती है। रसायन विभाग की प्राध्यापिका डॉ. सुनैना चौहान ने विद्यार्थियों को गुणवत्ता एवं मानकीकरण को दैनिक जीवन से जोड़ते हुए जागरूक उपभोक्ता बनने के लिए प्रेरित किया। माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. के.एस. बघेल ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
बीआईएस स्टैंडर्ड क्लब के मेंटर डॉ. दिनेश चौधरी ने कहा कि मानकीकरण को केवल पुस्तकीय विषय तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली वस्तुओं एवं सेवाओं की गुणवत्ता से जोड़ना आवश्यक है। रचनात्मक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थी भारतीय मानकों को सहज रूप से समझने के साथ एक जिम्मेदार एवं जागरूक उपभोक्ता के रूप में अपनी भूमिका पहचानते हैं।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रथम पुरस्कार निखिल गुप्ता, द्वितीय उर्वशी पाटीदार, तृतीय सोनालिका जाधव तथा चतुर्थ पुरस्कार नम्रता चौहान ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. ऐश्वर्या दिलावरे ने किया। समापन अवसर पर बीआईएस स्टैंडर्ड क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं आयोजन टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
#JansamparkMP #khargone