नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं सामाजिक उत्तरदायित्व गतिविधियों की उपायुक्त ने की समीक्षा
स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रगति की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
चंबा, 29 अगस्त
उपायुक्त चंबा मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में आज नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, आधारभूत सुविधाओं व वित्तीय समावेशन से संबंधित जुलाई 2026 तक के प्रमुख संकेतकों तथा विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त को प्रिंसिपल मेडिकल कॉलेज और जिला स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य एवं पोषण क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, प्रसवपूर्व जांच, गर्भवती महिलाओं के समय पर पंजीकरण, हीमोग्लोबिन जांच तथा संस्थागत प्रसव के क्षेत्र में निरंतर सुधार हुआ है। इस दौरान गंभीर एवं मध्यम तीव्र कुपोषण से प्रभावित बच्चों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में उपनिदेशक उच्च शिक्षा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राथमिक से उच्च प्राथमिक तथा उच्च प्राथमिक से माध्यमिक स्तर तक विद्यार्थियों की संक्रमण दर में बेहतर प्रगति दर्ज की गई। विद्यालयों में छात्राओं के लिए कार्यशील शौचालयों की उपलब्धता 100 प्रतिशत है।
कृषि क्षेत्र में सूक्ष्म सिंचाई, फसल विविधीकरण एवं कृषि उत्पादकता को बढ़ावा देने के साथ किसानों को बेहतर बाजार सुविधाएं उपलब्ध करवाने से संबंधित योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
बैठक में स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय कारीगरों के उत्पादों के प्रचार-प्रसार, महिलाओं को आजीविका से जोड़ने, आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से संबंधित परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रमुख संकेतकों की नियमित निगरानी करते हुए अपेक्षित सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कम वजन जन्म दर, गंभीर एवं मध्यम तीव्र कुपोषण तथा संस्थागत प्रसव से संबंधित संकेतकों में कमी के कारणों की पहचान कर आवश्यक कदम उठाने को कहा।
उन्होंने उपनिदेशक उच्च शिक्षा तथा उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा को मदरसों सहित सभी शैक्षणिक संस्थानों का नियमित निरीक्षण कर वहां उपलब्ध शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के साथ उनके परिणाम धरातल पर सुनिश्चित करें।
बैठक में आकांक्षी विकासखंड तीसा के स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, आधारभूत सुविधाओं व वित्तीय समावेशन क्षेत्र से संबंधित प्रमुख संकेतकों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में कार्यवाही का संचालन जिला योजना अधिकारी डॉ. देविंदर सिंह ने किया।
इस अवसर पर उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन, उपनिदेशक कृषि डॉ. भूपेंद्र सिंह, उपनिदेशक उद्यान डॉ. प्रमोद शाह, खंड विकास अधिकारी महेश ठाकुर, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. केहर सिंह ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास कमल किशोर शर्मा, प्रिंसिपल मेडिकल कॉलेज डॉ. पंकज गुप्ता व जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
#Chamba #Himachal #Pradesh #post #highlight
Chamba, Chamba | Aug 29, 2026