मुरैना जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ ने 28 आवेदकों की समस्याएं सुनीं*
*प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के अधिकारियों को दिए निर्देश*
मुरैना, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 28 आवेदकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्रतानुसार समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान नागरिकों ने राजस्व एवं भूमि विवाद, स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक न्याय, पेंशन, स्वच्छता, अतिक्रमण एवं सिंचाई सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
जिला पंचायत सीईओ श्री भार्गव ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की प्रकृति एवं आवेदकों की पात्रता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक परीक्षण किया जाए और निराकरण की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन की एक महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करने तथा उनका समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलता है। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्रवाई करें, ताकि आवेदकों को वास्तविक राहत मिल सके। उन्होंने निराकरण की गुणवत्ता, समय-सीमा तथा आवेदकों की संतुष्टि का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।