शादी समारोह में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने साढ़ू और उसके साथियों पर हत्या का लगाया आरोप
मुरैना। जिले के कैलारस थाना क्षेत्र के ग्राम नेपरी में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हुई युवक की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक के भाई ने पुलिस अधीक्षक मुरैना को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उसके भाई सतिश रजक की हत्या साजिश के तहत की गई है और आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
आवेदन के अनुसार, मृतक सतिश रजक अपने परिवार के साथ 16 जून को अपनी ससुराल ग्राम नेपरी में साले अभिषेक रजक की शादी में शामिल होने गया था। मृतक के भाई रामदास रजक का आरोप है कि शादी में शामिल हुए नीरज रजक, जो रिश्ते में सतिश का साढ़ू लगता था, का सतिश के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों का कहना है कि नीरज रजक सतिश को पहले भी जान से मारने की धमकी दे चुका था।
आरोप है कि 21 जून की रात शादी समारोह के दौरान नीरज रजक ने अपने साथियों के साथ मिलकर सतिश को अपने साथ ले गया। इसके बाद सतिश वापस नहीं लौटा। परिजनों का आरोप है कि नीरज और उसके साथियों ने सतिश की गला घोंटकर हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया।
परिजनों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस थाना कैलारस में मर्ग कायम की गई, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज नहीं किया गया है। मृतक के भाई ने पुलिस पर निष्पक्ष जांच न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।