हम्मालों और व्यापारियों में विवाद से कृषि उपज मंडी में नीलामी ठप, विरोध में किसानों ने सागर स्टेट हाईवे पर लगाया चक्का जाम
मौके पर पहुंची पुलिस..
दमोह। शहर की सागर नाका स्थित कृषि उपज मंडी में शनिवार को व्यापारियों और तुलावटियों के बीच तुलाई को लेकर विवाद होने से डांक नीलामी और तुलाई का कार्य पूरी तरह बंद हो गया। इससे जिलेभर से उपज लेकर पहुंचे किसानों की फसल मंडी में ही अटक गई। आक्रोशित किसानों ने शाम करीब 4 बजे दमोह–सागर स्टेट हाईवे पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
किसानों का कहना था कि वे हजारों रुपये किराया खर्च कर उपज लेकर मंडी पहुंचे हैं। यदि शनिवार को तुलाई नहीं हुई तो उन्हें अतिरिक्त खर्च उठाकर फिर आना पड़ेगा। व्यापारियों ने भी विवाद का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ने की बात कही। चक्का जाम के दौरान कई राहगीर जाम में फंसे रहे, जबकि कुछ ने वैकल्पिक मार्गों का सहारा लिया।
Damoh, Damoh | Aug 2, 2026