युवक का अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल
-पीड़ित युवक को डराया-धमकाया, नहीं जाने दिया थाने, छिपते-छिपाते पहुंचा एसपी आफिस
फोटो-एसपी आफिस पहुंचा पीड़ित
नईदुनिया प्रतिनिधि शिवपुरी।
भौंती कस्बे में रहने वाले एक किराना व्यावसायी विशाल सिंह चौहान निवासी हाईस्कूल के पास 3 जून की सुबह करीब 4 बजे वह बाइक से अपने पुराने मकान की ओर जा रहा था। इसी दौरान उप तहसील के आगे पुलिया के पास संजू लोधी उर्फ संजू बाबा, सुल्तान खान, जयकुमार उर्फ जैकी लोधी और एक अन्य युवक ने उसे रोक लिया। आरोप है कि सभी उसे जबरन खर्रेश्वर मंदिर के सामने पारोंच नदी घाट पर ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई और कपड़े उतरवाकर निर्वस्त्र अवस्था में एक महिला के साथ वीडियो बना लिया। चारों युवकों ने इसके बाद उसे वीडियो बहुप्रसारित करने की धमकी देते हुए पैसों की मांग की। आरोपितों ने मौके पर ही युवक से 2 हजार 500 रुपये छीन लिए। इसके बाद उससे 20 हजार रुपये और ले लिए। युवक को आरोप है कि ब्लैकमेलर इतने पर भी नहीं माने, उन्होंने इसके बाद उससे 80 हजार रुपये की मांग की तथा घर पर आकर उससे पैसे लिए, जिसका वीडियो उसकी पत्नी ने अपने मोबाइल में बनाया है। विशाल का आरोप है कि, इस ब्लैकमेलिंग के बाद आरोपित पूरे दिन थाने के आसपास घूमते रहे और जब उसने थाने जाने का प्रयास किया तो उसे रोककर धमकी दी कि अगर वह थाने गया तो वीडियो वायरल कर देंगे। विशाल का कहना है कि इसके बाद वह चुपचाप घर जाकर सो गया और अल सुबह पांच बजे उठकर छिपते-छिपाते शिवपुरी एसपी आफिस में शिकायत करने पहुंचा है। यहां बताना होगा भौंती थाना क्षेत्र में इस तरह की ब्लैकमेलिंग के पूर्व में भी कई मामले आए हैं।