शिवपुरी से 80 किमी दूर छुपा है प्राकृतिक स्वर्ग - पलिया नाथ वॉटर पूल झरना*
शिवपुरी/खनियाधाना -* आज बुधवार शाम लगभग 4:00 बजे शिवपुरी जिला मुख्यालय से करीब 80 किमी दूर ग्राम पलिया नाथ वॉटर पूल झरने पर बड़ा ही सुंदर नजारा देखने को मिला। मानसून की बारिश के बाद उफान पर आए इस झरने को देखने झांसी और ग्वालियर से पर्यटकों का दल घूमने पहुंचा।
खनियाधाना से 12 किमी दूर स्थित यह झरना इन दिनों सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पहाड़ियों के बीचो-बीच घनी हरियाली के बीच गिरता दूधिया पानी का यह झरना बेहद मनमोहक लगता है। चारों तरफ ऊंची पहाड़ियां और हरियाली से घिरा यह प्राकृतिक पूल लोगों को सुकून के पल देता है।झांसी-ग्वालियर से आए सैलानियों ने बताया कि शहर की भीड़ से दूर प्रकृति की गोद में यह जगह फोटो और वीडियो के लिए परफेक्ट है। तेज बहाव के साथ गिरते झरने का नजारा देखकर वे मंत्रमुग्ध हो गए।स्थानीय लोगों के अनुसार सावन-भादो में यहां पिकनिक मनाने वालों की भीड़ लगती है, लोग दाल-बाटी और टिक्कड़ बनाकर दिन का मजा लेते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस स्थल को पर्यटन मानचित्र पर विकसित करने की मांग की है।