*20वें सांख्यिकी दिवस के अवसर पर कार्यशाला का हुआ आयोजन*
*कार्यशाला में गुणवत्तापूर्ण डेटा संकलन एवं विश्लेषण पर दिया गया जोर*
*सटीक डेटा सुशासन और जन कल्याणकारी योजनाओं का आधार - जिला कलक्टर*
*उत्कृष्ट कार्य करने वाले सांख्यिकी अधिकारियों व कार्मिकों को किया गया सम्मानित*
डीडवाना-कुचामन, 29 जून। सांख्यिकी विभाग द्वारा 20वें सांख्यिकी दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह एवं एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन सोमवार को जिला कलक्टर अवधेश मीना की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के महान सांख्यिकीविद् प्रो. पी.सी. महालनोबिस के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
जिला कलक्टर अवधेश मीना ने इस अवसर पर जिला एवं ब्लॉक स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले सांख्यिकी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
जिला स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि केवल डेटा का संकलन ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि उसका गुणवत्तापूर्ण संकलन, विश्लेषण एवं प्रभावी उपयोग बेहतर नीतियों के निर्माण का आधार है।
उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में गुणवत्तापूर्ण डेटा संकलन की महत्वपूर्ण भूमिका है। होगी। उन्होंने प्रशासनिक डेटा की क्षमता पर जोर देते हुए कहा कि सटीक डेटा ही सुशासन और जन कल्याणकारी योजनाओं व नीतियों का आधार है।
जिला कलक्टर ने कहा कि सटीक और विश्वसनीय डेटा से, बेहतर नीति निर्माण और देश की प्रगति को नई दिशा मिलेगी।
कार्यशाला में 20वें सांख्यिकी दिवस की थीम Unlocking the Potential of Administrative Data पर सांख्यिकी विभाग के अधिकारियों ने प्रस्तुति देते हुए प्रशासनिक डेटा की गुणवत्ता, उपयोगिता तथा विभिन्न क्षेत्रों में उसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान जिले के विकास संकेतकों और सांख्यिकीय डेटा संग्रहण की आधुनिक तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यशाला में प्रोफेसर पी. सी. महालनोबिस के आर्थिक नियोजन और भारतीय सांख्यिकीय संस्थान की स्थापना में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया।
जिला सांख्यिकी कार्यालय के उपनिदेशक बाबूलाल ने गुणवत्तापूर्ण डेटा संकलन एवं विश्लेषण के लिए सभी सांख्यिकी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया तथा कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर विकास मोहन भाटी, कोषाधिकारी भंवरलाल, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।
Didwana, Nagaur | Jun 29, 2026