औरंगाबाद की 7,889 महिलाओं को मिला आर्थिक संबल।
औरंगाबाद (बिहार)
बापू सभागार पटना से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘समृद्ध महिला–समृद्ध बिहार’ अभियान का शुभारंभ किया। इसके तहत मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत 5 लाख महिला लाभुकों को राशि अंतरण, जीविका निधि से 10 हजार लाभुकों को ऋण वितरण, विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत 112 ग्रामीण हाटों के निर्माण का शुभारंभ और ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय एवं मद्य निषेध विभाग के बीच MOU का कार्यक्रम हुआ।
इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण औरंगाबाद समाहरणालय परिसर स्थित योजना भवन के सभा कक्ष में किया गया। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह ने की।
मौके पर निदेशक डीआरडीए अनुपम कुमार, डीपीएम जीविका पवन कुमार, प्रबंधक संचार मोहम्मद अनवर हुसैन, श्रुतिकांत पाठक, प्रखंड परियोजना प्रबंधक सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियां और महिला लाभुक उपस्थित रहीं।
*औरंगाबाद को क्या मिला?*
- *प्रथम किस्त:* 5,156 महिला लाभुकों को ₹10,000
- *द्वितीय किस्त:* 2,733 महिला लाभुकों को ₹20,000
- *जीविका निधि ऋण:* जिले की 37 जीविका दीदियों को ऋण
*DDC ने क्या कहा?*
उप विकास आयुक्त ने सभी लाभुकों को बधाई दी और कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही है। उन्होंने राशि का सही उपयोग कर स्थायी रोजगार से जुड़ने, दहेज प्रथा के खिलाफ अभियान चलाने और बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने की अपील की।
लाभुक महिलाओं ने कहा कि इस सहायता से वे स्वरोजगार शुरू कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करेंगी और इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।