जाम से त्राहिमाम करता औरंगाबाद, पुलिस प्रशासन नदारत
औरंगाबाद में रक्षाबंधन से एक दिन पहले औरंगाबाद में भयंकर जाम, शहर की सड़कें घंटों रही जाम से बेहाल, पुलिस-प्रशासन नदारद।
रक्षाबंधन जैसे बड़े पर्व से ठीक एक दिन पहले औरंगाबाद शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। दोपहर से लेकर शाम 6 बजे तक शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर भयंकर जाम लगा रहा, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, बाईपास ओवरब्रिज, जसोइया मोड़ और धर्मशाला चौक पर सबसे ज्यादा जाम की स्थिति बनी। सड़कों पर बाइक, कार और स्कूल बसें घंटों तक फंसी रहीं। बच्चे स्कूल बसों में परेशान होते रहे, वहीं त्योहार की खरीदारी करने निकले लोग भी जाम में फंस गए। धर्मशाला चौक के पास स्थित संकट मोचन मानस मंदिर के सामने तो हालत और भी खराब थी।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इतने लंबे जाम के बावजूद कहीं भी ट्रैफिक पुलिस या जिला प्रशासन का कोई जवान तैनात नहीं दिखा। लोगों ने खुद ही किसी तरह जाम से निकलने की कोशिश की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार से पहले बाजार में भीड़ बढ़ जाती है, ऐसे में प्रशासन को पहले से ही ट्रैफिक प्लान तैयार रखना चाहिए था। लेकिन हर साल की तरह इस बार भी प्रशासन की लापरवाही सामने आई।
शाम होते-होते जाम की वजह से कई लोगों को अपने घर पहुंचने में घंटों की देरी हुई। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि त्योहारी सीजन में शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए ताकि आम जनता को परेशानी न हो।