शव कि हुई पहचान ASI चंन्द्र मोहन सिंह का शव बरामद
*बाबूबरही थानान्तर्गत हुई गोलीबारी की घटना में वांछित अभियुक्त स०अ०नि० चंद्र मोहन सिंह का शव बाबूबरही क्षेत्र से बरामद। सर्विस पिस्टल व अन्य साक्ष्य जब्त, अग्रिम कार्रवाई जारी।*
दिनांक-03.11.2026 को बाबूबरही थाना अन्तर्गत स०अ०नि० चंद्र मोहन सिंह द्वारा गोली चलाकर कारित की गई घटना के उपरांत वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु वरीय पुलिस अधीक्षक, मधुबनी के निर्देशानुसार करीब 12 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। गठित टीमों द्वारा नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों एवं राज्य के बाहर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही थी। दो विशेष टीमें घटनास्थल के आसपास के इलाकों में भी निरंतर सघन छानबीन एवं तकनीकी निगरानी कर रही थीं
इसी क्रम में आज दिनांक-12.11.2026 को पुलिस टीम को बाबूबरही क्षेत्र स्थित एक मैदान में एक अज्ञात शव पड़े होने तथा दुर्गंध आने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2 के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। घटनास्थल की घेराबंदी कर वरीय पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति में विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम द्वारा निरीक्षण कराया गया। निरीक्षण के दौरान शव के पास से प्राप्त कपड़े, आधार कार्ड, मोबाइल फोन, लैपटॉप एवं अन्य कागजातों के आधार पर मृतक की पहचान उक्त कांड में वांछित अभियुक्त स०अ०नि० चंद्र मोहन सिंह के रूप में की गई है। एफएसएल (FSL) टीम द्वारा शव का मुआयना किए जाने के क्रम में शव के नीचे से घटना में प्रयुक्त सर्विस पिस्टल भी बरामद हुआ है एवं घटनास्थल से सभी भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के सैंपल विधिवत संकलित कर सर्विस पिस्टल को जब्त कर लिया गया है।
दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) की उपस्थिति में शव का विधिवत इनक्वेस्ट (मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट) तैयार किया जा रहा है। पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए तीन चिकित्सकों की मेडिकल बोर्ड टीम द्वारा पूर्ण वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मृत्यु के वास्तविक कारणों की स्पष्ट पुष्टि हेतु इनक्वेस्ट रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा बरामद सर्विस पिस्टल की जांच कराई जाएगी। इन तीनों रिपोर्टों के प्राप्त होने के उपरांत ही मृत्यु के कारणों पर स्थिति पूर्णतः स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस द्वारा सभी आपेक्षित बिंदुओं पर गहनता से जांच करते हुए अन्य विध सम्मत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है