Public App Logo
सम्पूर्ण समाधान दिवस में 55 शिकायतें प्राप्त, 16 का मौके पर निस्तारण डीएम ने अधिकारियों को टीम बनाकर मौके पर पहुंचकर शिकायतों का वास्तविक एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के दिए निर्देश माधौगढ़ (जालौन)। माधौगढ़ तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। समाधान दिवस में कुल 55 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें विद्युत विभाग से संबंधित रहीं। इसके अलावा चकरोड, नाली, आवास और क्षतिपूर्ति से जुड़े प्रकरण भी सामने आए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों की टीम गठित कर मौके पर पहुंचकर शिकायतों का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिकायतों के निस्तारण के लिए सात टीमें मौके पर भेजी गईं, जो स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करेंगी। चकरोड से संबंधित पांच मामलों में मौके पर चकरोड खाली करा दिए गए थे, लेकिन मिट्टी डालने का कार्य शेष था। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल मिट्टी डलवाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो और वे खाद, बीज सहित अन्य कृषि सामग्री आसानी से अपने खेतों तक पहुंचा सकें। समाधान दिवस में स्वाति सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने एक प्लाट खरीदा था, लेकिन उसका दाखिल-खारिज किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दिया गया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तहसीलदार को बुलाकर जांच कराई और संबंधित अधिवक्ता को भी उपस्थित कराया। जांच में सामने आया कि डीड के अंतिम पृष्ठ में गलती से किसी दूसरी तिथि का पृष्ठ लग गया था और उस पर स्वाति सिंह के हस्ताक्षर कराकर दस्तावेज प्रेषित कर दिए गए थे। जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्काल आवश्यक सुधार कराया गया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस प्रकार की त्रुटियों की पुनरावृत्ति किसी भी दशा में नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने राजस्व, पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलना ही शिकायत निस्तारण का वास्तविक उद्देश्य है। साथ ही निस्तारित शिकायतों के फीडबैक के निर्देश भी दिए। - Orai News