आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के तहत 51 हजार दीयों से जगमग हुआ एम्स
-स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 51 हजार दीयों से एम्स परिसर को रोशन किया गया। हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक बावल डा. कृष्ण कुमार, विधायक कोसली अनिल यादव, भाजपा जिला प्रभारी प्रो. मदन लाल गोयल, भाजपा जिला अध्यक्ष डा. वंदना पोपली और एम्स निदेशक डा. डीएन शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा को सेवा संकल्प अभियान जन-जन तक पहुंचाएगा। हरियाणा में 17 अक्तूबर, 2026 तक सेवा और कृतज्ञता के भाव से जनभागीदारी के साथ यह अभियान चलाया जाएगा।
मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सकारात्मकता का संदेश देने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि दीपक प्रकाश, आशा और नई ऊर्जा का प्रतीक है। 51 हजार दीयों का प्रज्ज्वलन सामूहिक सहभागिता और समाज के प्रति सेवा भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि एम्स क्षेत्र के लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ ऐसे सामाजिक एवं जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम लोगों में आपसी सहयोग और अपनत्व की भावना को मजबूत करते हैं।
विधायक बावल डा. कृष्ण कुमार और विधायक कोसली अनिल यादव ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है। भाजपा जिला अध्यक्ष डा. वंदना पोपली ने कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान एम्स परिसर में 51 हजार दीयों के प्रज्ज्वलन से मनोहारी एवं प्रकाशमय वातावरण बन गया। बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में भाग लेकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया।
इस अवसर पर जिला परिषद चेयरमैन मनोज यादव, नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पीपल, पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल, जिला महामंत्री कुलदीप चौहान, डॉ अरविंद कुंड, मंडल अध्यक्ष सुभाष यादव, उपाध्यक्ष जीतू , जिला सचिव दिनेश यादव टीट, अनिल रायपुर, जिला मीडिया प्रभारी जतिन अरनेजा, नीतू चौधरी, सुनील मेहंदीरता और जिला प्रशासन से एसडीएम संजीव कुमार, सीएमओ डा. नरेंद्र दहिया सहित गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
Rewari, Rewari | Sep 18, 2026